रविवार, 5 अप्रैल 2009

राजधानी रायपुर में पहली बार स्केटिंग का प्रशिक्षण

प्रदेश की राजधानी रायपुर में पहली बार स्केटिंग का प्रशिक्षण पुलिस लाइन के स्केटिंग मैदान में देने की तैयारी की जा रही है। प्रशिक्षण का प्रारंभ तो हो गया है, पर इसका विधिवत उद्घाटन १० अप्रैल से किया जाएगा। यहां पर राजधानी के खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने का काम राष्ट्रीय प्रशिक्षक दलजीत सिंह करेंगे। प्रशिक्षण शिविर के बारे में जानकारी देते हुए प्रशिक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि राजधानी का यह मैदान देश का सबसे बड़ा मैदान है और यहां पर पहली बार प्रशिक्षण शिविर लगाने का फैसला किया गया है। उन्होंने बताया दिसंबर में यहां पर राज्य चैंपियनशिप का आयोजन किया था तब इस चैंपियनशिप में राजधानी के भी बहुत खिलाड़ी आए थे। इन खिलाडिय़ों के साथ ही और कई बच्चे ऐसे थे जो स्केटिंग के बारे में जानना चाहते थे। उसी समय यह तय किया गया था कि इस बार प्रशिक्षण शिविर रायपुर में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे कई सालों से भिलाई में प्रशिक्षण शिविर लगाते रहे हैं जहां पर ग्रीष्मकालीन शिविर में ३०० से ज्यादा खिलाड़ी आ जाते हैं। बकौल दलजीत सिंह भिलाई में तो कई स्थानों पर शिविर लगते हैं। उन्होंने रायपुर के शिविर के बारे में बताया कि यहां पर इसकी तैयारी कर ली गई है और शनिवार से ही आने वाले खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उनका पंजीयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर का विधिवत उद्घाटन १० अप्रैल को किया जाएगा। शिविर में टेनासिटी के साथ क्वाट्र्स और इन लाइन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में खिलाडिय़ों को फिजिकल के साथ स्केटिंग के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ज्यादातर खिलाड़ी टेनासिटी से संबंधित हैं। इस वर्ग के स्केटिंग क्योंकि महंगे नहीं आते हैं ऐसे में खिलाड़ी इसी को चुनना ज्यादा पसंद करते हैं। बाकी वगों के स्केटिंग दो हजार से लेकर ४० हजार तक आते हैं। उन्होंने बताया कि उनको उम्मीद है कि रायपुर में १५० के आस-पास खिलाड़ी प्रशिक्षण शिविर में आ जाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए शुल्क लिया जाएगा लेकिन यह शुल्क काफी कम होगा।

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2009

मेट्रो कोलकाता-बिलासपुर नाकआउट में

अखिल भारतीय अंतर जोन रेलवे क्रिकेट में पटियाला को अपने अंतिम मैच में भी हारा का सामना करना पड़ा। बेंगलूर ने पटियाला को पहले महज ९४ रनों पर समेट दिया, फिर जीत के ९५ रन एक विकेट खोकर ही प्राप्त कर लिए। चैंपियनशिप में एसीसीआर रेलवे बिलासपुर और मेट्रो कोलकाता की टीमों ने अपने सभी मैच जीतकर दिल्ली में होने वाली नाकआउट चैंपियनशिप के लिए पात्रता प्राप्त कर ली। डब्ल्यूआरएस के मैदान पर शुक्रवार को खेले गए मैच में बेंगलूर की टीम ने टॉस जीतकर पटियाला को पहले खेलने के लिए आमंत्रित किया। पटियाला की टीम २०.१ ओवरों में ९४ रनों पर ही सिमट गई। पटियाला के दो बल्लेबाज ही दहाई के अंकों तक पहुंच सके। इन्द्रजीत ने २४ गेंदों पर ३१ रन और जयप्रकाश ने १० गेंदों पर १३ रन बनाए। मनोज केएच ने १० ओवरों में ४० रन देकर सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। अक्षय ने २२ रनों के एवज में तीन विकेट और एम. नागराज ने १९ रन देकर दो विकेट लिए। ९५ रनों का आसान सा लक्ष्य बेंगलूर ने अक्षय (०८) का विकेट खोकर ९.४ ओवरों में ही प्राप्त कर लिया। मंगेश रेड्डी ने ३१ गेंदों पर ९ चौकों की मदद से ४६ रन बनाए। योगेश के बल्ले से २८ रन निकले। योगेश ने २६ गेंदों का सामना किया और चार चौके जड़े। आज का मैच जीतने के बाद भी बेंगलूर की टीम नाकआउट चक्र में नहीं पहुंच सकी। दिल्ली में होने वाले नाकआउट चक्र में खेलने की पात्रता एसीसीआर रेलवे बिलासपुर और मेट्रो कोलकाता को मिली। बिलासपुर ने अपने सभी मैच जीते, जबकि कोलकाता के खाते में पांच जीत के साथ एक ट्राई मैच आया। आज के मैच में चार विकेट लेने वाले मनोज मैन ऑफ द मैच रहे। मैच के अंपायर वासुदेवन और विजय प्रसाद थे। स्कोरर सचिन टांक और अभिषेक जैन थे। समापन मैच में मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मनोज कुमार सिंह से पुरस्कार दिया।

गुरुवार, 2 अप्रैल 2009

राष्ट्रीय फुटबॉल की मेजबानी मांगी छत्तीसगढ़ ने

छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ ने राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी मांगी है। यह मेजबानी करने का इच्छुक रायपुर फुटबॉल संघ है। संघ रायपुर में अंडर १६ साल बालक या फिर अंडर १३ साल बालिका वर्ग की चैंपियनशिप करवाना चाहता है। यह जानकारी देते हुए फुटबॉल संघ के मुश्ताक अली प्रधान ने बताया कि रायपुर जिला फुटबॉल संघ की बैठक में यह तय किया गया है कि संघ यहां पर एक राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन करेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश फुटबॉल संघ ने सभी जिलों संघों को पत्र लिखा था कि संघ को एक राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी मिल सकती है, अगर कोई जिला संघ अपने जिले में यह चैंपियनशिप करवाने का इच्छुक हो तो सूचना दे। श्री प्रधान ने बताया कि सबसे पहले हमारे जिला संघ ने प्रदेश संघ के पत्र के जवाब में उनको पत्र लिखा कर कहा है कि उनका संघ अंडर १६ साल बालक या फिर अंडर १३ साल बालिका वर्ग की चैंपियनशिप करवाना चाहता है। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप की मेजबानी का जिम्मा प्रदेश संघ को मिला तो चैंपियनशिप रायपुर में होगी। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप में १४ से १५ लाख का खर्च आएगा। उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप की मेजबानी मिलने पर सभी मैच राजकुमार कॉलेज के मैदान में करवाएं जाएंगे। इस मैदान के अलावा शहर में और कोई मैदान राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लायक नहीं है।

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में