गुरुवार, 18 अगस्त 2011
भूपेन्द्र ने चटकाएं दो विकेट
अधिवक्ता विश्व कप क्रिकेट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को दस विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। भारत को जीत दिलाने में छत्तीसगढ़ के क्रिकेटर भूपेन्द्र जैन के दो विकेटों ने भी अहम भूमिका निभाई। अब यहां उसका मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा।
बारबडोस में खेले गए मैच के बारे में जानकारी देते भूपेन्द्र जैन ने बताया कि इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले खेलने का फैसला किया। इंग्लैंड का यह फैसला घातक रहा और पूरी टीम 18.2 ओवरों में 86 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए आदित्य ने 6 ओवरों में महज 19 रन देकर 5 विकेट लिए। भूपेन्द्र जैन ने 4 ओवरों में जोरदार गेंदबाजी करते हुए तीन मेडन के साथ दो रन देकर दो विकेट लिए। भारत ने 87 रनों की चुनौती को बिना विकेट खोए ही 12वें ओवर में पूरा कर लिया। आदित्य ने हरफनमौला खेल दिखाते हुए 38 रनों की पारी खेली। अरविंद ने 32 रन बनाए।
बुधवार, 17 अगस्त 2011
ओलंपिक संघ का कार्यालय अगले माह खुलेगा
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ का कार्यालय अगले माह राजधानी के इंडोर स्टेडियम में प्रारंभ हो जाएगा। कार्यालय को बनाने का काम तेजी से नगर निगम कर रहा है। एक-दो दिनों में कार्यालय में लगने वाले फर्नीचर के लिए टेंडर भी जारी हो जाएगा। माह के अंत तक कार्यालय पूरा हो जाएगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनते ही घोषणा की थी कि राजधानी के इंडोर स्टेडियम में संघ का भव्य कार्यालय खोला जाएगा। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरुप इंडोर में कार्यालय बनाने का काम चल रहा है। पूर्व में कार्यालय को 15 अगस्त के दिन प्रारंभ करने की तैयारी थी, लेकिन नगर निगम ने इस अवधि से पहले काम करके नहीं दिया जिसके कारण अब कार्यालय को सितंबर के पहले सप्ताह में प्रारंभ करने की तैयारी चल रही है।
संघ के महासचिव बलदेव सिंह भाटिया ने बताया कि कार्यालय को ऐेसा बनाने का प्रयास किया जा रहा है जैसे और किसी राज्य में न हो। कार्यालय में हर तरह की सुविधा रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कार्यालय का महत्व इसलिए भी अब बहुत ज्यादा है क्योंकि छत्तीसगढ़ की मेजबानी में 37वें राष्ट्रीय खेल होने वाले हैं।
लेबल:
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ
सदस्यता लें
संदेश (Atom)