मंगलवार, 31 मई 2011

उधार का एस्ट्रो टर्फ नहीं मिल सका

प्रदेश की सीनियर टीम को उधार के एस्ट्रो टर्फ में अभ्यास कराने का छत्तीसगढ़ हॉकी का प्रयास सफल नहीं हो सका। अब प्रदेश की टीम मंगलवार से राजनांदगांव में अभ्यास करने में जुटेगी।
भोपाल में 10 जून से होने वाली राष्ट्रीय सीनियर हॉकी स्पर्धा में खेलने जाने वाली प्रदेश की टीम को एस्ट्रो टर्फ में अभ्यास कराने के प्रयास में छत्तीसगढ़ हॉकी ने राऊरकेला में बात की थी। लेकिन वहां पर संघ को उधार का मैदान नहीं मिल सका। इसके बारे में संघ के सचिव फिरोज अंसारी ने बताया कि हमने एक प्रयास किया था ताकि राज्य की टीम अच्छा अभ्यास करके खेलने जाए तो प्रदर्शन अच्छा हो सके। इसके लिए संघ पैसे खर्च करने भी तैयार था, लेकिन राऊरकेला का मैदान नहीं मिल सका। उस मैदान में उड़ीसा के साथ सेल की टीम भी अभ्यास कर रही है, ऐसे में कहा गया कि तीन टीमों के अभ्यास के लिए मैदान दे पाना संभव नहीं होगा।
श्री अंसारी ने बताया कि अब प्रदेश की संभावित टीम एक जून से राजनांदगांव के मैदान में ही अभ्यास करेगी। वे बताते हैं कि एस्ट्रो टर्फ में अभ्यास न हो पाने के कारण ही प्रदेश की टीमें राष्ट्रीय स्पर्धाओं में सफलता प्राप्त नहीं कर पा रही है।
संभावित टीम इस प्रकार है- मोहनीश पटेल, समीर बारला, बिसन मिंज, गुलरेज अहमद, फैुजल अहमद, दीपक एक्का, जयराम एक्का, सुखराम मुंडा एसईसी रेलवे बिलासपुर, प्रिंस यादव बिलासपुर, अतीक कुरैशी कोरबा, अमित लुगुन, अमृत लकड़ा, अनिल खलको, शकील अहमद, रंजीत खलको, पोलिस एक्का जिंदल रायगढ़, राजेन्द्र एक्का, आशीष केरकेटा जशपुर, दलजीत सिंह, एजाज कुरैशी, गुलाम रहमानी, जहांगीर खान दुर्ग, ज्ञानचंद जैन, नरेश सिन्हा, अजितेश मसीह भिलाई, कुलदीप करंजकर, चन्द्रहास साहू रविशंकर विश्व विद्यालय, किशोर धीवर, बलवंत दास, खेमराज सिन्हा, मो. निसारुद्दी, मृणाल चौबे, उपेन्द्र पिल्ले राजनांदगांव, नवीन तिर्की, राजेश निर्मलकर, कमलेश साई हास्टल राजनांदगांव।

छत्तीसगढ़ क्वार्टर फाइनल में

छत्तीसगढ़ की बालक हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोवा को 4-2 से मात देकर अंडर 17 राष्ट्रीय हॉकी के क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया। अब 6 जून को छत्तीसगढ़ का मुकाबला मेजबान मुंबई से होगा।
मुंबई में चल रही स्पर्धा के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश हॉकी संघ के सचिव सुशील मुथा ने बताया कि छत्तीसगढ़ का अपने पूल में तीसरा और अंतिम मैच गोवा से हुआ। इस मैच में भी पहले दो मैचों की तरह छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। मैच में पहला गोल खेल के दूसरे ही मिनट में राहुल रजक ने किया। इसके बाद दूसरा गोल खेल के 13वें मिनट में राजा खान ने किया। तीसरा गोल खोगेश्वर बाग ने 25वें मिनट में किया। चौथा गोल सुमित पटेल ने 31वें मिनट में किया। श्री मुथा ने बताया कि स्पर्धा में 38 टीमें खेल रही हैं। छत्तीसगढ़ की क्वार्टर फाइनल में मेजबान मुंबई से भिड़ंत होगी। टीम के कोच नजीर अहमद ने बताया कि अभी टीम के पास काफी समय है, ऐसे में टीम पांच दिनों तक अभ्यास करके मुंबई से जीतने की रणनीति बनाएगा। हमारा लक्ष्य पहले सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचना है। उन्होंने बताया कि बिना एस्ट्रो टर्फ के बी हमारे खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, अगर अपने राज्य में एस्ट्रो टर्फ होता तो जरूर हमारी टीम आसानी से फाइनल में पहुंच जाती।

रोहित सोना मिस्टर रायपुर

जिला स्तरीय बॉडी बिल्डिंग में रायपुर के रोहित सोना ने मिस्टर रायपुर का खिताब जीता। विकलांग वर्ग में यशराज शेन्द्रे मिस्टर विकलांग बने।
राज्य स्पर्धा में खेलने जाने वाले खिलाड़ियों का चयन करने के लिए मिस्टर रायपुर का आयोजन नेताजी स्टेडियम में किया गया। स्पर्धा के बाद चुने गए खिलाड़ी दुर्ग में 29 मई को होने वाली स्पर्धा में शामिल होने के लिए रविवार को रवाना होंगे। रायपुर जिला बॉडी बिल्डिंग संघ द्वारा आयोजित स्पर्धा में चार वर्गा के मुकाबलों के बाद मिस्टर रायपुर का चयन किया गया। स्पर्धा का उद्घाटन राजधानी के वरिष्ठ खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे ने किया। पुरस्कार वितरण संघ के अध्यक्ष शिव मोहन शुक्ला ने किया।
परिणाम इस प्रकार रहे- 55 किलो ग्राम प्रथम रोहित सोना, द्वितीय मो. सलमान, तृतीय लक्ष्मण निर्मलकर। 60 किलो ग्राम प्रथम केतन बहादुर, द्वितीय सतीश बरिहा, तृतीय बृजलाल जगत। 65 किलो ग्राम प्रथम अखिलेश भारती, द्वितीय योहन कुमार, तृतीय सोहन साहू। 70 किलो ग्राम प्रथम हितेश ठाकुर, द्वितीय सुरज सिंह ठाकुर, तृतीय संतोष यादव। मिस्टर विकलांग प्रथम यशराज शेन्द्रे, द्वितीय दिलीप कुमार साहू।

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में