शुक्रवार, 2 सितंबर 2011

रायपुर, जबलपुर जीते

अंतर साई वालीबॉल में बालिका वर्ग के मुकाबलों में मेजबान रायपुर के साथ जबलपुर की खिलाड़ियों ने जोरदार खेल दिखाते हुए अपने-अपने मैच जीत लिए। इसी के साथ रायपुर और जबलपुर की खिलाड़ियों ने जोन की टीम में स्थान बनाने की अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली।
इंडोर स्टेडियम में चल रहे मुकाबलों में सुबह के सत्र में जबलपुर की ए टीम ने रायपुर को आसानी से सीधे सेटों में 25-12, 25-15, 25-17 से परास्त किया। जबलपुर की बी टीम ने भोपाल को 25-19, 25-17, 25-13 से हराया। जबलपुर की ए टीम ने अपना विजयक्रम जारी रखते हुए भोपाल को कड़े मुकाबले में 25-14, 25-21, 21-25, 25-23 से मात दी। शाम के सत्र में पहले मैच में मेजबान रायपुर ने भोपाल को सीधे सेटों में 25-28, 25-23, 25-18 से हराया। तीसरे सेट में रायपुर की टीम ने 5-10 से पीछे होने के बाद वापसी की और सेट के साथ मैच जीत लिया।
साई सेंटर के प्रभारी एसएस भदोरिया ने बताया कि मैचों में प्रदर्शन के आधार पर 12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन सूची शुक्रवार को जारी करने के बाद शनिवार से प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। बालक वर्ग में रायपुर और भोपाल की टीम ही होने के कारण इनके बीच मैच कराया गया। बालकों की सूची भी कल जारी होगी।

सप्रे ने सेंटपाल को 5-0 से पीटा

स्वर्गीय नीरज अग्रवाल स्मृति अंतर शालेय, अंतर कॉलेज फुटबॉल में सप्रे स्कूल ने सेंटपॉल चर्च को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी। एक अन्य मैच में राजकुमार कॉलेज ने होलीक्रास कांपा बी को 4-0 से हराया।
सप्रे मैदान में चल रही स्पर्धा में पहले मैच में सप्रे स्कूल के लिए शिवभजन ने 5वें मिनट में पहला गोल किया। इसके चार मिनट बाद प्रीतम यादव ने गोला दागा। दो गोल कुलदीप ने 11वें और 17वें मिनट में किए। एक गोल राजादीप ने 32वें मिनट में किया। दूसरे मैच में देशबन्धु स्कूल के न आने पर विवेकानंद विद्यापीठ को वाकओवर दिया गया।
तीसरे मैच में राजकुमार कॉलेज के लिए पहला गोल 14वें मिनट में नेल्सन ने किया। इसके बाद 17वें और 38वें मिनट में माधव शर्मा ने गोल किए। चौथा गोल 39वें मिनट में दिलीप तायल ने किया।

गुरुवार, 1 सितंबर 2011

रायपुर ने जीता पहला मैच

राजधानी में पहली बार खेली जा रही अंतर साई वालीबॉल स्पर्धा में पहला मैच मेजबान रायपुर की बालिका टीम ने जीता। स्पर्धा में रायपुर के साथ जबलपुर और भोपाल की बालक-बालिका टीमें खेल रही हैं। प्रदर्शन के आधार पर सेंट्रल जोन की टीम चुनी जाएगी।
इंडोर स्टेडियम में बुधवार की शाम स्पर्धा का प्रारंभ हुआ। प्रदेश वालीबॉल संघ के सचिव मो. अकरम खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच शुरू किया गया। पहले मैच में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
यह मैच रायपुर ने चार सेंटों में 25-14, 13-25, 25-17, 25-17 से जीता।
स्पर्धा के बारे में साई सेंटर रायपुर के प्रभारी एसएस भदोरिया ने बताया कि जबलपुर की दो बालिका और एक बालक टीम, भोपाल सेंटर की एक-एक टीम और रायपुर सेंटर की एक बालक और बालिका टीम खेल रही है। जबलपुर में बालकों की संख्या कम होने के कारण वहां से कुछ खिलाड़ी ट्रायल में शामिल होने आए हैं। स्पर्धा में मुकाबलों के बाद प्रदर्शन के आधार पर बालक और बालिकाओं की टीम का चयन करके उनका प्रशिक्षण शिविर 3 सितंबर से लगाया जाएगा। 10 सितंबर को अंतिम टीम घोषित करके केरल भेजी जाएगी, जहां पर 13 सिंतबर से राष्ट्रीय स्पर्धा होनी है।
जूनियरों के लिए खुशखबरी
प्रदेश संघ के मो. अकरम खान ने बताया कि जूनियर खिलाड़ियों के लिए भारतीय वालीबॉल फेडरेशन ने एक बदलाव करते हुए अब खिलाड़ियों को सीनियर चैंपियनशिप में खेलने के बाद फिर से जूनियर चैंपियनशिप में खेलने की इजाजत दे दी है। पहले जूनियर खिलाड़ी सीनियर चैंपियनशिप में खेलने के बाद फिर से जूनियर चैंपियनशिप में नहीं खेल पाते थे। यह फैसला चेन्नई में हुई फेडरेशन की वार्षिक बैठक में किया गया है।

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में