गुरुवार, 1 सितंबर 2011

रायपुर ने जीता पहला मैच

राजधानी में पहली बार खेली जा रही अंतर साई वालीबॉल स्पर्धा में पहला मैच मेजबान रायपुर की बालिका टीम ने जीता। स्पर्धा में रायपुर के साथ जबलपुर और भोपाल की बालक-बालिका टीमें खेल रही हैं। प्रदर्शन के आधार पर सेंट्रल जोन की टीम चुनी जाएगी।
इंडोर स्टेडियम में बुधवार की शाम स्पर्धा का प्रारंभ हुआ। प्रदेश वालीबॉल संघ के सचिव मो. अकरम खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैच शुरू किया गया। पहले मैच में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
यह मैच रायपुर ने चार सेंटों में 25-14, 13-25, 25-17, 25-17 से जीता।
स्पर्धा के बारे में साई सेंटर रायपुर के प्रभारी एसएस भदोरिया ने बताया कि जबलपुर की दो बालिका और एक बालक टीम, भोपाल सेंटर की एक-एक टीम और रायपुर सेंटर की एक बालक और बालिका टीम खेल रही है। जबलपुर में बालकों की संख्या कम होने के कारण वहां से कुछ खिलाड़ी ट्रायल में शामिल होने आए हैं। स्पर्धा में मुकाबलों के बाद प्रदर्शन के आधार पर बालक और बालिकाओं की टीम का चयन करके उनका प्रशिक्षण शिविर 3 सितंबर से लगाया जाएगा। 10 सितंबर को अंतिम टीम घोषित करके केरल भेजी जाएगी, जहां पर 13 सिंतबर से राष्ट्रीय स्पर्धा होनी है।
जूनियरों के लिए खुशखबरी
प्रदेश संघ के मो. अकरम खान ने बताया कि जूनियर खिलाड़ियों के लिए भारतीय वालीबॉल फेडरेशन ने एक बदलाव करते हुए अब खिलाड़ियों को सीनियर चैंपियनशिप में खेलने के बाद फिर से जूनियर चैंपियनशिप में खेलने की इजाजत दे दी है। पहले जूनियर खिलाड़ी सीनियर चैंपियनशिप में खेलने के बाद फिर से जूनियर चैंपियनशिप में नहीं खेल पाते थे। यह फैसला चेन्नई में हुई फेडरेशन की वार्षिक बैठक में किया गया है।

होलीक्रास की दोहरी जीत

स्वर्गीय नीरज अग्रवाल स्मृति अंतर शालेय, अंतर कॉलेज फुटबॉल में होलीक्रास बैरनबाजार ने दोहरी जीत दर्ज की। पहले मैच में ए टीम ने रायपुर कांवेंट को 5-0 और दूसरे मैच में बी टीम ने लिटिल फ्लावर को टाईब्रेकर में 3-2 से मात दी।
सप्रे मैदान में चल रही स्पर्धा में पहले मैच में होलीक्रास बैरनबाजार की ए टीम के लिए पहला गोल 10वें मिनट में अभिषेक ने किया। इसके बाद गोलों की झड़ी लग गई। दूसरा गोल राकेश ने 15वें मिनट में किया। राकेश ने ही दो और गोल 27वें और 30वें मिनट में किए। एक गोल संदीप ने 25वें मिनट में किया।
दूसरे मैच में होलीक्रास की बी टीम का लिटिल फ्लावर के साथ कांटे का मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। मैच का फैसले करने टाईब्रेकर का सहार लिया गया। इसमें विजेता टीम के लिए भास्कर, मेवा राम और प्रभजोत सिंह ने गोल किए। पराजित टीम के लिए एकमात्र गोल लोकनाथ ने किया। तीसरा मैच में होलीक्रास कांपा ने गोलों की बारिश करते हुए रायपुर कांवेंट को 8-0 से परास्त किया। अभिषेक ने हैट्रिक के साथ चार गोल किए। ये चारों गोल दूसरे हॉफ में 40, 47, 48 और 50वें मिनट में हुए। इसके पहले विकास (15, 17वें मिनट) ने दो, आडिल (सातवें मिनट) और सौरभ (21वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।


बुधवार, 31 अगस्त 2011

बास्केटबॉल खिलाड़ियों को मिले 8 लाख

खेल विभाग के नकद राशि पुरस्कार में बास्केटबॉल के 45 खिलाड़ियों को 8 लाख से ज्यादा की राशि मिली। बास्केटबॉल में भी सबसे ज्यादा पदक राष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए प्रदेश संघ के सचिव राजेश पटेल ने बताया कि सब जूनियर बालिका टीम को स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर टीम के प्रत्येक 12 खिलाड़ियों को दस हजार की राशि दी गई। सब जूनियर बालक टीम ने पिछले वर्ष कांगडा हिमाचल प्रदेश में 37वीं राष्ट्रीय सब जूनियर स्पर्धा में रजत पदक जीता था। टीम के प्रत्येक को पांच-पांच हजार की राशि मिली। प्रदेश की महिला टीम ने रांची झारखंड के राष्ट्रीय ख्ोल में रजत पदक जीता था। टीम की हर खिलाड़ी को बीस हजार रुपए प्रदान किए गए। प्रदेश की महिला टीम ने पिछले साल राजनांदगाव में राष्ट्रीय महिला खेल में स्वर्ण पदक जीता था। टीम की खिलाड़ियो को पंद्रह-पंद्रह हजार की राशि दी गई। यह राशि खिलाड़ियों को खेल विभाग द्वारा नकद राशि पुरस्कार में दी गई।

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में