मंगलवार, 23 अगस्त 2011

साइंस कॉलेज मैदान में बनेगा सिंथेटिक ट्रेक

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रेक लगाने की कवायद में खेल विभाग जुट गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रेक के लिए विभाग कंपनियों से जानकारी मंगाने में जुटा है। जानकारी जुटाने के बाद विभाग खेल मंत्रालय को ट्रेक बनाने का प्रस्ताव बनाकर भेजेगा।
प्रदेश में सिंथेटिक ट्रेक की कमी को देखते हुए खेल विभाग ने साइंस कॉलेज मैदान में मिली 34 एकड़ जमीन पर ही सिंथेटिक ट्रेक बनाने का फैसला किया है। यहां पर किस तरह का ट्रेक लगाने से फायदा होगा, इसकी जानकारी जुटाने के लिए खेल संचालक जीपी सिंह ट्रेक लगाने वाली कंपनियों से बात कर रहे हैं। कुछ कंपनियों ने विभाग को जानकारी भी उपलब्ध करा दी है। खेल संचालक जीपी सिंह कहते हैं कि ट्रेक के बारे में अच्छी तरह से जानकारी लेने के बाद ही एक प्रस्ताव बनाया जाएगा और उसे शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। वे कहते हैं कि छत्तीसगढ़ में होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए साइंस कॉलेज का मैदान सिंथेटिक ट्रेक के लिए सबसे उपयुक्त है। यहां पर न तो पार्किंग की समस्या होगा और न ही खिलाड़ियों को ठहराने में भी परेशानी होगी। श्री सिंह कहते हैं कि हमारा प्रयास रहेगा कि यहां पर राष्ट्रीय नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का ट्रेक लगाया जाए, ताकि राष्ट्रीय खेलों के बाद अगर यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन करना हो तो परेशान न हो। उनका मानना है कि सिंथेटिक ट्रेक जैसी सुविधा एक बार ही मिलनी है तो ऐसे में गुणवत्ता और सुविधाओं से समझौता करने का सवाल ही नहीं उठता है।
खेल संचालक कहते हैं कि हम साइंस कॉलेज मैदान को खेल हब के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहे हैं। एक बार में बहुत सी सुविधाएं एक साथ जुटा पाना संभव नहीं है, यही वजह है कि अलग-अलग योजनाओं के साथ मैदान का विकास करने में लगे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में