बुधवार, 18 अगस्त 2010

ओलंपिक की कार्यकारिणी आज तय होगी

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बुधवार को घोषित करेंगे। पिछले माह उनको अध्यक्ष बनाए जाने के बाद कार्यकारिणी तय करने का जिम्मा उनको दिया गया था। मुख्य रूप से सचिव के पद को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही हैं। सचिव के लिए खेल संघों से जुड़े तीन दावेदारों के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। इन्हीं में से किसी एक के सचिव बनाए जाने की संभावना है। बैठक जहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होगी, वहीं बैठक में भारतीय ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक हरीश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश ओलंपिक संघ में चल रहे विवाद के चलते ही पिछले माह २२ जुलाई को ओलंपिक संघ की सामान्य सभा की बैठक करके मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को अध्यक्ष बनाया गया था। इसी के साथ सभी पदाधिकारियों ने इस्तीफा देकर मुख्यमंत्री को ही कार्यकारिणी बनाने का जिम्मा सौंपा था। अब प्रदेश संघ की बुधवार को सुबह ११ बजे नए सर्किट हाऊस में बैठक रखी गई है। इस बैठक में २२ जुलाई की बैठक में तय किए गए मुद्दों का अनुमोदन करने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का सभी खेल संघों के अध्यक्ष और सचिवों से परिचय करवाना है। सबसे अहम बात यह है कि कल की बैठक में ही मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपनी कार्यकारिणी घोषित कर देेंगे।
सचिव पद के तीन दावेदार
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह किसे सचिव बनाएंगे इसको लेकर कवायद चल रही है। सचिव पद के लिए खेल संघों से जुड़े तीन नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। इन नामों में वालीबॉल संघ के मो. अकरम खान, लॉन टेनिस संघ के गुरूचरण सिंह होरा और स्क्वैश संघ के विष्णु श्रीवास्तव के नाम प्रमुख हैं। खेल संघों से जुड़ लोग चाहते हैं कि इन तीन नामों में से या फिर मुख्यमंत्री चाहे तो और किसी खेल से जुड़े पदाधिकारी को सचिव बनाए। वैसे कुुछ खेल संघों से जुड़े आईएएस और आईपीएस के नाम भी लिए जा रहे हैं। लेकिन इनके नामों पर खेल संघों में एका न होने से ऐसा कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री भी किसी खेल से जुड़े पदाधिकारी को सचिव बनाना चाहते हैं।
ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक आएंगे
कल की बैठक में भारतीय ओलंपिक संघ की तरफ से नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक के रूप में भारतीय बास्केटबॉल संघ के महासचिव हरीश शर्मा आएंगे। पिछली बैठक में पर्यवेक्षक न आने की वजह से विवाद हुआ था और इस बैठक को मान्य नहीं कहा जा रहा था। यही वजह भी है कि कल की बैठक में २२ जुलाई की बैठक के मुद्दों का अनुमोदन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में