गुरुवार, 23 जून 2011

रवीना-मल्लेश्वरी के साथ दौड़ेगी राजधानी

शहीद भगत सिंह चौक से गुरुवार की सुबह 8.00 बजे छोटे-बड़े खिलाड़ियों को ओलंपियन कर्णम मल्लेश्वरी और फिल्म स्टार रवीना टंडन के साथ दौड़ने का मौका मिलेगा। दौड़ेंगे साथ, रचेंगे इतिहास के साथ ओलंपिक दिवस पर ऐतिहासिक दौड़ में प्रदेश के 800 से ज्यादा धावक भाग लेंगे।
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ ने ओलंपिक दिवस पर ऐतिहासिक दौड़ का आयोजन किया है। इस दौड़ को यादगार बनाने के लिए फिल्म स्टार रवीना टंडन और ओलंपियन कर्णम मल्लेश्वरी बुधवार को ही राजधानी पहुंच चुकी हैं। प्रदेश संघ के महासचिव बलदेव सिंह भाटिया ने बताया कि दौड़ में पूरे राज्य के खिलाड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया गया है। 22 जून की शाम तक 800 से ज्यादा खिलाड़ियों का पंजीयन हो गया है। दौड़ में राजधानी के धावकों के साथ बस्तर, दल्लीराजहरा, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, चांपा, तिल्दा, कसडोल, गुडरदेही के खिलाड़ी दौड़ेंगे। इसके अलावा खेल संघों से जुड़े लोग, छत्तीसगढ़ फिल्मों के कलाकार, सामाजिक, व्यापारिक संस्थाओं के लोग भी दौड़ में शामिल होंगे। ओपन वर्ग के साथ जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार है।
राज्यपाल दिखाएंगे हरी झंडी
दौड़ का प्रारंभ शहीद भगत सिंह चौक से होगा। खिलाड़ियों को सात बजे तक पहुंचने कहा गया है। ठीक 8 बजे राज्यपाल शेखर दत्त दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। फ्लैग आॅफ में कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री लता उसेंडी करेंगी। विशेष अतिथि महापौर किरणमयी नायक होंगी। 10.30 बजे होने वाले समापन समारोह के मुख्यअतिथि भी राज्यपाल शेखर दत्त होंगे। अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह करेंगे। विशेष अतिथियों में विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद रमेश बैस, ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय निकाय मंत्री राजेश मूणत, खेल मंत्री लता उसेंडी, नेता प्रतिपक्ष विधानसभा रवीन्द्र चौबे, महापौर किरणमयी नायक और विधायक कुलदीप जुनेजा होंगे।
किसको कितना इनाम
महिला और पुरुष वर्ग में 8 किलो मीटर की दौड़ होगी। इसमें टॉप टेन को इनाम में नकद राशि दी जाएगी। पहले स्थान के लिए 15, दूसरे के लिए 11, तीसरे के लिए 9, चौथे के लिए 8, पांचवें के लिए 7, छठे के लिए 6, सातवें के लिए 5, आठवें के लिए 4, नवें के लिए 3 और दसवें स्थान पर रहने वालों के लिए दो-दो हजार की इनामी राशि रखी गई है। 1 से 15 साल के खिलाड़ियों के लिए चार किलो मीटर दौड़ होगी। इसमें पहले स्थान पर रहने वाले बालक-बालिका खिलाड़ियों को दो हजार पांच सौ, दूसरे स्थान पर रहने वालों को दो हजार, तीसरे स्थान पर रहने वालों को एक हजार पांच सौ, चौथे स्थान पर रहने वालों को एक-एक हजार का नकद इनाम दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में