सोमवार, 23 मई 2011

वालीबॉल संघ को मिलेंगे 35 लाख

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पहल के बाद प्रदेश वालीबॉल संघ ने सबसे पहले अपने संघ की योजना बनाकर पेश की और उसे गोद लेने वाले उद्योग ने 35 लाख देने की मंजूरी दी है। इसी के साथ संघ ने गोदावरी पावर एवं इस्पात लिमिटेड के विनोद पिल्ले को उपाध्यक्ष भी बना दिया है।
छत्तीसगढ़ में होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के 32 खेल संघों को उद्योगों को गोद दिलाने का काम किया है। इस पहल के साथ संघों से खेल विभाग ने जहां कम से कम एक साल की योजना बनाने के लिए कहा था, वहीं संघ में उस उद्योग के एक प्रतिनिधि को उपाध्यक्ष भी बनाने की शर्त रखी थी जिस उद्योग ने खेल संघ को गोद लिया है। इस दिशा में पहली पहल करने वाले संघ के रूप में वालीबॉल संघ सामने आया है। संघ ने शुक्रवार को अपने संघ के अध्यक्ष नगरीय निकाय मंत्री राजेश मूणत की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन संघ को गोद लेने वाले उद्योग गोदावरी पावर एवं इस्पात के साथ किया। इस बैठक में संघ ने अपनी वार्षिक योजना से उद्योग के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया। उद्योग की तरफ ने बैठक में विनोद पिल्ले का नाम संघ में उपाध्यक्ष बनाए जाने के लिए प्रस्तावित किया गया। श्री पिल्ले के नाम पर अध्यक्ष राजेश मूणत द्वारा सहमति देने पर उन्होंने उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
संघ के सचिव मो. अकरम खान ने बताया कि बैठक में ही विनोद पिल्ले ने यह जानकारी दी कि उनके उद्योग ने वालीबॉल संघ को 35 लाख रुपए देने पर सहमति दी है। श्री खान ने बताया कि संघ इन पैसों का उपयोग प्रशिक्षण शिविर और आयोजनों के साथ अन्य जरूरत में करेगा। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष श्री मूणत ने कहा है कि जैसे-जैसे पैसों की जरूरत होगी, उसकी जानकारी देकर ही उद्योग से पैसे लिए जाएंगे ताकि पारदर्शिता बनी रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में