सोमवार, 16 मई 2011

वालीबॉल-हॉकी का भी नियमित प्रशिक्षण

प्रदेश के खेल विभाग में तीन प्रशिक्षकों की भर्ती होते ही उनको खेल संचालक ने वालीबॉल और हॉकी का नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं। इसकी तैयारी प्रारंभ हो गई है।
खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि विभाग ने वालीबॉल के एनआईएस प्रशिक्षक हरगुलशन सिंह, हॉकी के प्रशिक्षक राकेश टोपो और रश्मि तिर्की की नियुक्ति की है। अब इन प्रशिक्षकों की सेवाएं खिलाड़ियों को देने के लिए साइंस कॉलेज के मैदान में विभाग की 34 एकड़ जमीन में खेल संचालक ने हॉकी के दो मैदानों के साथ वालीबॉल का भी मैदान तैयार करने कहा है। हॉकी के एक मैदान में बालक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने का काम राकेश टोपो करेंगे तो दूसरे मैदान में बालिका खिलाड़ियों को रश्मि तिर्की प्रशिक्षण देंगी। वालीबॉल खिलाड़ियों को हरगुलशन सिंह तराशने का काम करेंगे। इसके पहले विभाग ने तीरंदाजी के एनआईएस कोच टेकलाल कुर्रे को नियुक्त किया था। उनको नियुक्त करने के बाद विभाग ने तीरंदाजी का लाखों रुपए का सामान मंगवाया और तीरंदाजी का नियमित प्रशिक्षण केन्द्र साइंस कॉलेज के मैदान में प्रारंभ भी कर दिया है। इस प्रशिक्षण केन्द्र में 30 से ज्यादा खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
खेल संचालक जीपी सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में होने वाले 37वें राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखते हुए ही विभाग प्रशिक्षकों की भर्ती करके उनको खिलाड़ियों को तैयार करने का जिम्मा दे रहा है, ताकि जब अपने राज्य में राष्ट्रीय खेल हों तो ज्यादा से ज्यादा खेलों में पदक मिल सके।


कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में