बुधवार, 11 मई 2011

रांची-सुंदरगढ़ क्वार्टर फाइनल में

अखिल भारतीय स्वर्ण कप नेहरू हॉकी में सेल रांची के साथ साई हास्टल सुंदरगढ़ ने अपने-अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया। रांची ने गोलों की बारिश करते हुए सेंट इंग्नोसियस स्कूल गुमला को 5-0 से मात दी। सुंदरगढ़ ने कड़े मुकाबले में जिंदल स्टील रायगढ़ को 3-2 से हराया। बुधवार से क्वार्टर मुकाबले खेले जाएंगे।
नेताजी स्टेडियम में चल रही स्पर्धा में मंगलवार को पहला मैच सेल रांची और गुमला के बीच खेला गया। यह मैच पूरी तरह से एकतरफा रहा और रांची के सामने गुमला की टीम ठहर ही नहीं पाई। मैच का पहला गोल खेल के 12वें मिनट में अरविंद कुजूर ने किया। इसके दो मिनट बाद ही सुमित टोपनो ने गोल करके अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। तीसरा गोल आशीष ने खेल के 17वें और चौथा गोल जान भिमार ने 21वें मिनट में किया। पहले हॉफ में रांची 4-0 से आगे था। दूसरे हॉफ में गुमला ने कुछ अच्छा खेल दिखाया और रांची को ज्यादा गोल करने के मौके नहीं दिए। इस हॉफ में एक मात्र गोल खेल के 45वें मिनट में अनिल खाका ने किया। अनिल खाका ही मैन आॅफ द मैच रहे।
दूसरे मैच में साई हास्टल सुंदरगढ़ का जिंदल स्टील रायगढ़ के साथ रोमांचक मुकाबला हुआ। मैच का पहला गोल सुंदरगढ़ के आनंद कुजूर ने छठे मिनट में किया। इसके बाद पहला हॉफ पूरी तरह से शांत रहा और कोई टीम स्कोर नहीं कर सकी। लेकिन दूसरे हॉफ में दोनों टीमों ने जोरजार खेल दिखाया। रायगढ़ ने वापसी करते हुए 37वें मिनट में खोगेश्वर के गोल से बराबरी की, इसके बाद 51वें मिनट में अनिल ने गोल करके अपनी टीम को 2-1 से आगे कर दिया। सुंदरगढ़ के लिए बराबरी का गोल 57वें मिनट में ए. किंडो ने किया। मैच समाप्त होने के दो मिनट पहले एस. कुजान ने गोल करके अपनी टीम की जीत तय कर दी। अंतिम मिनट में रायगढ़ ने बराबरी के लिए प्रयास किया, पर उसे सफलता नहीं मिल सकी। मैचों के अंपायर देवेश शुक्ला, अब्दुल हुसैन, उवेश शेर खान और इंसान अली, टेबल जज डॉ. क्यूए वाहिद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में