शनिवार, 11 दिसंबर 2010

इनामी राशि बढ़ी

छत्तीसगढ़ खेल राज्य महोत्सव में खिलाडिय़ों को मिलने वाली इनामी राशि में इजाफा कर दिया गया है। यह सब हरिभूमि की खबर के बाद खेलमंत्री लता उसेंडी की पहल पर हुआ है। अब पहले स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को एक हजार पांच सौ रुपए, दूसरे स्थान के खिलाडिय़ों को एक हजार और तीसरे स्थान के खिलाडिय़ों को सात सौ पचास रुपए की इनामी राशि मिलेगी।
राज्य खेल महोत्सव में साढ़े तीन करोड़ के बजट के बाद राज्य स्पर्धा में खेलने वाले खिलाडिय़ों के लिए महज एक हजार का पहला पुरस्कार और साढ़े सात सौ का दूसरा पुरस्कार रखा गया था। इन पुरस्कारों को लेकर खिलाडिय़ों और खेल संघों के पदाधिकारियों की नाराजगी को हरिभूमि ने प्रमुखता से ३० नवंबर के अंक में प्रकाशित किया था। इसके बाद खेलमंत्री लता उसेंडी से भी पुरस्कार राशि को लेकर सवाल किया गया था कि पुरस्कार राशि इतनी कम क्यों? इसके बाद खेलमंत्री ने पहल करते हुए खेल विभाग को पुरस्कार बढ़ाने के निर्देश दिए। खेल विभाग ने पुरस्कार राशि में इजाफा कर दिया है। खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि अब व्यक्तिगत खेलों में पहले स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को एक हजार पांच सौ रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को एक हजार और तीसरे स्थान के खिलाडिय़ों को सात सौ पचास रुपए दिए जाएंगे। पूर्व में तीसरे स्थान के लिए कोई पुरस्कार नहीं रखा गया था। टीम खेलों में पहले स्थान पर रहने वाली टीम के हर खिलाड़ी को एक हजार पांच सौ रुपए और दूसरे स्थान के खिलाडिय़ों को एक-एक हजार की नकद राशि मिलेगी। टीम खेलों में तीसरे स्थान के लिए पुरस्कार नहीं रखा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में