बुधवार, 27 जुलाई 2011

डोपिंग के दोषी पर 50 हजार जुर्माना

प्रदेश के भारोत्तोलक ओमप्रकाश साहू को डोपिंग में दोषी पाए जाने पर भारतीय भारोत्तोलन फेडरेशन ने 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। खिलाड़ी ने अगर ये पैसे नहीं पटाएं तो उस पर राज्य संघ आजीवन प्रतिबंध लगा देगा। इसके पहले भिलाई के खिलाड़ी सिद्धार्थ मिश्रा पर संघ आजीवन प्रतिबंध लगा चुका है।

प्रदेश संघ के संयुक्त सचिव तेजा सिंह साहू ने बताया कि संघ को भारतीय फेडरेशन के सचिव सहदेव यादव का पत्र सोमवार की शाम को मिला है। इस पत्र में डोप टेस्ट में पकडाएं रायपुर के खिलाड़ी ओमप्रकाश साहू के बारे में बताया गया है कि इस खिलाड़ी का बी सेंपल भी पाजेटिव आया है जिसके कारण खिलाड़ी को डोपिंग का दोषी मानते हुए उस पर 50 हजार रुपए का जुर्माना किया गया है। यह राशि खिलाड़ी को नवंबर तक फेडरेशन को देनी है। इसी के साथ खिलाड़ी को भविष्य में प्रतिबंधित किया जाएगा। यह प्रतिबंध कितने समय का होगा, इसका खुलासा नहीं किया गया है। वर्तमान में खिलाड़ी के किसी भी स्पर्धा में भाग लेने पर रोक है।

श्री साहू ने बताया कि खिलाड़ी अगर जुर्माने की राशि नहीं देता है तो संघ को यह राशि देनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि अगर संघ राशि नहीं देगा तो प्रदेश के किसी भी खिलाड़ी को किसी भी स्तर की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में खेलने का मौका नहीं मिलेगा। नवंबर में राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप होनी है, इस चैंपियनशिप के पहले अगर खिलाड़ी ने राशि जमा नहीं की तो संघ को राशि देनी पड़ेगी। संघ को जुर्माना देना पड़ा तो यह तय है कि राज्य संघ ओमप्रकाश साहू पर आजीवन प्रतिबंध लगा देगा। उन्होंने बताया कि इसके पहले जब भिलाई का खिलाड़ी सिद्धार्थ मिश्रा भी डोपिंग में पकड़ा गया तो उसने भी जुर्माने की राशि नहीं दी थी, ऐसे में उस पर संघ ने आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में