मंगलवार, 9 नवंबर 2010

सज रहा मैदान, कल से खेलों का घमासान

राजधानी में राज्य महिला खेलों की तैयारी जोरों से चल रही है। इसके लिए पुलिस मैदान में हॉकी और हैंडबॉल के मैदान बनाए जा रहे हैं। १० से १२ नवंबर तक होने वाले खेलों में तीन खेलों के लिए मुकाबले होंगे। इन खेलों में १५ जिलों की ४०० से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल होंगी।
राज्य खेलों का एक पड़ाव राजधानी में होने जा रहा है। इस पड़ाव में हॉकी, हैंडबॉल के साथ लॉन टेनिस के मुकाबले होने हैं। इन खेलों के लिए मैदानों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है। राजधानी का एक मात्र हॉकी मैदान नेताजी स्टेडियम एक तो खराब है, दूसरे उसको दूसरे आयोजन के लिए दे दिया गया है ऐसे में हॉकी का मैदान बनाने का काम पुलिस मैदान में किया जा रहा है। यहां पर हॉकी के साथ हैंडबॉल का भी मैदान बन रहा है। लॉन टेनिस के मुकाबले यूनियन क्लब में होंगे। राजधानी के वरिष्ठ खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे ने बताया कि स्पर्धा में १८ में से १५ जिलों की ४०० खिलाडिय़ों के आने की संभावना है। इन खिलाडिय़ों के रहने और खाने की व्यवस्था खेल विभाग ने की है। यहां होने वाली राज्य स्पर्धा के बाद राज्य की टीम बनेगी जो राष्ट्रीय स्पर्धा में खेलने जाएगी।
पायका पर आज सेमिनार
प्रदेश में चल रही पायका योजना के साथ खेल प्रतिभाखोज में गति लाने के लिए राजधानी में एक सेमिनार का आयोजन खेल विभाग ९ नवंबर को करेगा। इस सेमिनार में राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ राज्य के १४६ विकासखंड़ों के बीओ भी शामिल होंगे। सेमिनार में सभी को पायका और खेल प्रतिभाखोज की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि इस योजना का लाभ राज्य के खिलाडिय़ों को मिल सके। ९ नवंबर को नए विश्राम गृह में सुबह को ११ बजे से होने वाले इस सेमिनार में स्कूली शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और खेलमंत्री लता उसेंडी उपस्थित रहेंगे। सेमिनार का आयोजन खेल विभाग के साथ शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में