मंगलवार, 9 नवंबर 2010

भारोत्तोलन संघ का चुनाव विवादों में

प्रदेश भारोत्तोलन संघ के मंगलवार को भिलाई में होने वाले चुनाव विवादों में घिर गए हैं। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से भी की गई है। इस चुनाव में ससंदीय सचिव विजय बघेल को अध्यक्ष बनाने की तैयारी चल रही है। उनका अध्यक्ष बनना तय भी माना जा रहा है। प्रदेश भारोत्तोलन संघ की खेल विभाग ने डोपिंग के दोषी खिलाड़ी का नाम राज्य पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करने की वजह से मान्यता समाप्त कर दी है। इसी के बाद से नया संघ बनाने को लेकर राज्य में रस्साकसी चल रही है।
प्रदेश भारोत्तोलन का भिलाई में मंगलवार को चुनाव करवाया जा रहा है। संघ में चुनाव की नौबात इसलिए आई है क्योंकि इस संघ की खेल विभाग ने न सिर्फ मान्यता समाप्त कर दी है, बल्कि संघ की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष गुरमीत धनई की मांग पर संघ के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज करने के लिए दुर्ग के पुलिस अधीक्षक को पत्र भी भेज दिया। इस पत्र के भेजने के बाद ही अचानक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष पी. रत्नाकर ने इस्तीफा दे दिया। अब तो यह भी खबर है कि उन सभी पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है जिन्होंने डोपिंग के दोषी सिद्धार्थ मिश्रा के नाम की अनुशंसा शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए की थी।
प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव और मंगलवार को होने वाले चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहने वाले बशीर अहमद खान ने बताया कि संघ के उन सारे पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है जिन पर आरोप है। उन्होंने बताया कि संघ के चुनाव संघ के संविधान के मुताबिक हो रहे हैं। उन्होंने पूछने पर बताया कि संघ की बैठक बुलाने का काम संघ के अध्यक्ष बीवी भदारिया ने किया है।
जिला संघों को नहीं बुलाया गया
संघ की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष गुरमीत धनई का कहना है कि संघ के दागी पदाधिकारियों के इस्तीफा देने की बात भले की जा रही है, लेकिन पर्दे के पीछे वहीं खेल खेल रहे हैं और उनके इशारे पर ही पूरी कार्यकारिणी बननी है। उन्होंने कहा कि जिलों के पदाधिकारियों को चुनाव की सूचना ही नहीं दी गई है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि रायपुर जिले के पदाधिकारियों ने अन्य जिलों के पदाधिकारियों के साथ मिलकर रायपुर में २४ नवंबर को चुनाव करवाने की घोषणा की थी, यही वजह है कि आनन-फानन में भिलाई में चुनाव करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस सारे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से करते हुए उनसे कहा है कि उनके नाम का उपयोग करके यह कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री के कहने पर विजय बघेल को अध्यक्ष बनाया जा रहा है। श्रीमती धनई ने बताया कि उनको मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि खिलाडिय़ों के हित को ध्यान में रखते हुए ही काम किया जाएगा और खिलाडिय़ों का नुकसान करने वालों को किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में