मंगलवार, 1 सितंबर 2009

उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची मंत्रालय में लटकी

प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची करीब ८ माह से मंत्रालय में लटकी हुई है। खेल विभाग ने तो अपने हिस्से का काम करके सूची को अंतिम रूप देकर मंत्रालय में सामान्य प्रशासन के पास भेज दिया है, पर वहां से ८ माह में सूची जारी नहीं हो सकी है। सूची के लंबे समय से लटकने के कारण खिलाडिय़ों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश के ओलंपिक संघ ने इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मिलने का फैसला भी किया है। संघ का प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से सितंबर के प्रथम सप्ताह में मिलने जाएगा।
प्रदेश सरकार ने करीब दो साल पहले राज्य के खिलाडिय़ों को रोजगार देने के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद नियम बनाकर खेल विभाग को आवेदन मांगने का जिम्मा दिया गया। खेल विभाग ने आवेदन मंगाने के साथ पात्र खिलाडिय़ों की एक सूची बनाकर सामान्य प्रशासन को करीब ८ माह पहले ही जारी करने के लिए भेज दी है। लेकिन यह सूची आज तक जारी नहीं हो सकी है। खेल संचालक से बार-बार खिलाड़ी एक ही सवाल करते हैं कि आखिर यह सूची कब जारी होगी। लोकसभा चुनाव के पहले इसको जारी करने की पूरी तैयार कर ली गई थी। जब मुख्यमंत्री ने एक मार्च को सभी खिलाडिय़ों को अपने निवास पर भोज पर आमंत्रित किया था, तब कहा गया था कि आज सूची जारी हो जाएगी। लेकिन सूची जारी नहीं हो सकी और आज मार्च के बाद छह माह हो चुके हैं पर सूची जारी नहीं हो सकी है। जानकारों की माने तो इस सूची पर मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह के अनुमोदन की भी मुहर लग चुकी है, पर न जाने क्यों सामान्य प्रशासन से यह सूची जारी नहीं हो रही है।

इस बारे में खेल संचालक जीपी सिंह का कहना है कि हमने अपने हिस्से का काम कर दिया है और हमने सूची सामान्य प्रशासन को भेज दी है। सूची जारी करने का अधिकार हमारा नहीं है, ऐसे में हम कुछ नहीं कर सकते हैं। हमने भी सामान्य प्रशासन से लगातार आग्रह किया है कि सूची जारी कर दी जाए क्योंकि खिलाड़ी खेल विभाग में लगातार फोन करके इसकी जानकारी मांग रहे हैं। पहली सूची जारी होने के बाद ही दूसरी सूची के लिए विज्ञापन दिया जाएगा।

इधर उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची जारी करने में हो रहे विलंब को देखते हुए ही अब प्रदेश ओलंपिक संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से इस संबंध में बात करने का फैसला किया है। प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव बशीर अहमद खान कहते हैं कि इस सूची की आश में प्रदेश के सभी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ी बैठे हैं कि कब सूची जारी हो और कब उनके लिए नौकरी के रास्ते खुले। लेकिन खिलाडिय़ों का इंतजार है कि समाप्त ही नहीं हो रहा है। खिलाड़ी खेल विभाग में भी लगातार इस बात की जानकारी लेने जाते हैं। वहां से उनको जवाब मिलता है हमने तो सूची भेज दी है। श्री खान ने बताया कि संघ के पास भी खिलाड़ी लगातार यह जानकारी लेने आते हैं कि सूची क्यों जारी नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री से दखल देकर सूची को जल्द करने का आग्रह किया जाएगा ताकि खिलाडिय़ों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि एक ही सूची जारी नहीं हुई है तो फिर आगे खेल विभाग कैसे दूसरे साल की सूची जारी करने के लिए खिलाडिय़ों से आवेदन मांगेगा। श्री खान ने कहा कि एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से अब सितंबर के पहले सप्ताह में समय लेकर मिलने जल्द जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में