गुरुवार, 3 सितंबर 2009

खेल संघों के लिए बने मल्टी प्लेक्स

देश के खेल संघों को राज्य बनने के ८ साल बाद भी कार्यालय के लिए स्थान न मिल पाने की वजह से अब प्रदेश ओलंपिक संघ ने फैसला किया है कि वह खेल विभाग को राजधानी में एक मल्टी प्लेक्स बनाकर देने के लिए प्रस्ताव देगा ताकि सभी खेल संघों का एक ही स्थान पर कार्यालय हो सके।
प्रदेश में इस समय करीब ४० मान्यता प्राप्त संघ हैं जिनके पास अपना कोई कार्यालय नहीं है। इन संघों में से आधे से ज्यादा संघों के कर्यालय भिलाई से जुड़े पदाधिकारियों के घरों से चलते हैं। जिन संघों के पदाधिकारी राजधानी से जुड़े हैं उनके कार्यालय उनके घरों से चलते हैं। कुल मिलाकर किसी भी खेल संघ के पास कार्यालय के नाम पर कोई स्थान नहीं है। हमेशा खेल संघों की खेल विभाग के साथ नगर निगम से कार्यालय के लिए स्थान देने की मांग रही है, पर इस मांग पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है। राजधानी के स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स के कमरों पर खेल संघों की नजरें काफी पहले से हैं, पर वहां पर भी उनको कमरे मिल पाएंगे इसकी उम्मीद कम है। ऐसे में अब प्रदेश ओलंपिक संघ ने फैसला किया है कि खेल विभाग के सामने एक मल्टी प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव रखा जाएगा ताकि सभी खेल संघों को एक साथ कार्यालय के लिए स्थान मिल सके। प्रदेश संघ के महासचिव बशीर अहमद खान के साथ उपाध्यक्ष मो। अकरम खान ने बताया कि उनके संघ ने खेल विभाग को राजधानी में एक मल्टी प्लेक्स भवन बनाने का प्रस्ताव देने का निर्णय किया है। यह प्रस्ताव जल्द बनाकर दिया जाएगा।

प्रस्ताव आने पर शासन को भेजेंगे

खेल संचालक जीपी सिंह ने इस बारे में पूछने पर कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव अगर ओलंपिक संघ से आता है तो उसको शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर एक ही स्थान पर सभी खेल संघों के कार्यालय हो जाए तो इससे ज्यादा अच्छी बात हो ही नहीं सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में