सोमवार, 28 सितंबर 2009

राष्ट्रीय बाइक रेसिंग रायपुर में

३ को अभ्यास सत्र, ४ को मुख्य मुकाबला
देश के जाबांज बाइक रेसरों का प्रदेश की राजधानी रायपुर में २ अक्टूबर से जमावड़ा लगेगा। इस राष्टीय सुपर क्रास बाइक रेसिंग में मुख्य मुकाबला ४ अक्टूबर को साइंस कॉलेज के मैदान में होगा। एक दिन पहले तीन अक्टूबर को पूर्वाभ्यास होगा। इसमें देश भर से करीब १०० बाइक रेसर शामिल होंगे। अब तक विदेशी बाइक वर्ग में ५० से ज्यादा बाइकरों की सहमति मिल गई है।

प्रदेश मोटर स्पोट्र्स संघ के महासचिव उज्जवल दीपक के साथ उपाध्यक्षों डॉ. ए. फरिश्ता, विष्णु श्रीवास्तव, आलोक दुबे ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस सुपर क्रास चैंपियनशिप में देश भर के बाइक रेसर शामिल होने को बेताब हैं। अब तक ५० से ज्यादा रेसरों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। आयोजन पर कम से कम १५ लाख रुपए का खर्च अनुमानित है। इस सुपर क्रास में आने वाले बाइक सवार भी काफी ऊंचे दर्जे के होंगे। देश के करीब १०० जाबांज बाइक सवार आएंगे। जो भी बाइक सवार आएंगे उनकी बाइक कम से कम ८ से १० लाख की होगी। ये बाइक ४५० सीसी तक की होगी। एक अनुमान के मुताबिक साइंस कॉलेज के मैदान पर कम से कम १५० ट्रक मिट्टी डालनी पड़ेगी। मैदान को बनाने का काम प्रारंभ हो गया है।

इन्होंने बताया कि मुकाबले चार वर्गों में होंगे। पहला वर्ग विदेशी बाइक का होगा। इसमें शामिल होने वालों के पास ४५० सीसी तक की बाइक रहेगी। दूसरे वर्ग नोवाइस वर्ग में १६५ सीसी का बाइक में मुकाबले होंगे। तीसरे भारतीय वर्ग में भी इतनी ही सीसी की बाइक का प्रयोग होगा। चौथा वर्ग छत्तीसगढ़ का होगा। इस वर्ग में १६५ सीसी की बाइक के साथ प्रदेश के ही बाइक भाग ले सकेंगे। मुकाबले में शामिल होने वाले सभी बाइकरों को अपना बीमा करवाना अनिवार्य होगा। सभी वर्गों में पांचवें स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को नकद इनाम दिया जाएगा।

मुख्य मुकाबले के पहले ३ अक्टूबर को अभ्यास सत्र का उद्घाटन पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल दोपहर १.३० को करेंगे। ४ अक्टूबर को मुकाबले का उद्घाटन गृहमंत्री ननकी राम कंवर सुबह को ९ बजे करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री सुश्री लता उसेंडी करेंगी। मुकाबलों के बाद होने वाले पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि सांसद रमेश बैस होंगे। अध्यक्षता खेल मंत्री लता उसेंडी करेंगी। विशेष अतिथि नगरीय निकाय मंत्री राजेश मूणत के साथ महापौर सुनील सोनी होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में