शुक्रवार, 4 सितंबर 2009

उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची जारी-खेल बिरादरी मुख्यमंत्री की आभारी

प्रदेश की खेल बिरादरी में उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची जारी होने से उत्साह का माहौल है कि चलो अब खिलाडिय़ों को रोजगार मिल सकेगा। खेल बिरादरी ने सूची जारी करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह, खेल मंत्री सुश्री लता उसेंडी के साथ खेल संचालक जीपी सिंह की भी आभार माना है जिनके प्रयासों के ७० खिलाडिय़ों की सूची जारी हो सकी है।

प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने लंबे विलंब के बाद अंतत: ७० उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची को जारी कर दिया। यह सूची सामान्य प्रशासन में ही करीब ८ माह से लटकी हुई थी। अब जबकि खिलाडिय़ों की सूची जारी हो गई है तो प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव बशीर अहमद खान ने सूची जारी करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह के साथ खेल मंत्री सुश्री लता उसेंडी के साथ पूर्व खेलमंत्री और वर्तमान में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का भी आभार माना जिनके कार्यकाल में प्रदेश में उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को नौकरी देने का विधेयक पास हुआ था।

वालीबॉल संघ के महासचिव और प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मो. अखरम खान ने भी मुख्यमंत्री, खेलमंत्री, शिक्षा मंत्री के साथ खेल संचालक का भी आभार मानते हुए कहा कि खेल संचालक के निरंतर प्रयास के बाद ही यह सूची जारी हो सकी है। जिम्नास्टिक संघ के अध्यक्ष अश्वनी महेन्दु ने कहा कि अब प्रदेश के खिलाडिय़ों को रोजगार मिलेगा तो खिलाड़ी और अच्छा प्रदर्शन करेंगे। प्रदेश फुटबॉल संघ के मुश्ताक अली प्रधान, दिवाकर थिटे ने कहा कि सरकार ने उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची देर से ही सही पर जारी करके एक अच्छा काम किया है, इससे खिलाडिय़ों में उत्साह का संचार होगा खिलाड़ी अब जी जान लगाकर मेहनत करेंगे। कराते संघ के अजय साहू ने कहा कि उनके खेल के खिलाडिय़ों में उत्साह है कि उनके खेल के खिलाड़ी भी उत्कृष्ट खिलाड़ी बने हैं। ट्रायथलान संघ के विष्णु श्रीवास्तव, खो-खो संघ के राम, तलवारबाजी संघ के समीर खान, कबड्डी संघ के रामबिसाल साहू, बास्केटबॉल संघ के राजेश पटेल, जूडो संघ के अरूण द्विवेदी ने भी मुख्यमंत्री, खेल मंत्री का आभार माना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में