मंगलवार, 8 सितंबर 2009

५० हजार में ५ खेलों का आयोजन संभव नहीं

पाइका योजना में रायपुर जिले के १५ विकासखंडों में किए जाने वाले पांच खेलों के आयोजन को लेकर यहां जिला खेल अधिकारी के कार्यालय में हुई बैठक में सभी ब्लाकों के क्रीड़ाश्री ने एक स्वर में यह मामला उठाया कि ५० हजार रुपए में पांच खेलों का आयोजन संभव नहीं। है। आयोजन के लिए बजट में केन्द्र सरकार ने इतने ही पैसे मिले हैं, लेकिन एक-एक ब्लाग में बहुत ज्यादा गांव होने से सभी परेशान हैं कि आखिर इतने कम बजट में आयोजन कैसे होंगे। पांच खेलों के आयोजन के साथ पांच खेलों का चयन ट्रायल भी करना है, क्योंकि जिला स्तर पर १० खेलों का आयोजन होना है।

राजधानी के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यालय में रविवार को रायपुर जिले के सभी १५ विकासखंडों के क्रीड़ाश्री को खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे ने पाइका के खेलों के आयोजन के लिए निर्देश देने बुलाया था। बैठक में खेल अधिकारी ने अपनी तरफ से उनको आयोजन के लिए निर्देश तो दिए, पर सभी ब्लाकों से आए क्रीड़ाश्री इस बात को लेकर परेशान थे कि आखिर ५० हजार रुपए में पांच खेलों का आयोजन कैसे संभव होगा। सभी ने बैठक के बाद हरिभूमि से भी कहा कि केन्द्र सरकार ने बजट में खेल विभाग को हर ब्लाग के लिए ५० हजार की राशि दी है। इस राशि से पांच खेलों का आयोजन इसलिए संभव नहीं है कि पांच खेलों में इतने ज्यादा बालक और बालक खिलाड़ी आ जाएंगे कि उनके खाने पर ही बजट खर्च हो जाएगा। कई विकासखंडों में १०० से ज्यादा गांव हैं। ऐसे में अगर इन गांवों में से २५ प्रतिशत गांव भी शामिल होते हैं तो आयोजन को लेकर परेशानी हो जाएगी।

क्रीड़ाश्री की बातों पर गौर किया जाए तो यही लगता है कि वास्तव में ५० हजार में आयोजन संभव नहीं है। ब्लाक स्तर पर पांच खेलों के आयोजन में ५० हजार की राशि से ही आयोजन के लिए सामान, खिलाडिय़ों की वेशभूष और भोजन के अलावा फोटोग्राफी के साथ विडियोग्राफी को भी अनिवार्य रखा गया है। इसी के साथ सभी विाकसखंडों से जिला स्तर के लिए टीमें भी भेजना है। ऐसे में सभी परेशानी में हैं।

ब्लाक स्तर पर जिन पांच खेलों का आयोजन होना है, उनमें वालीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और सायक्लिंग शामिल हैं। इसके अलावा फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, तीरंदाजी और भारोत्तोलन का ट्रायल करके टीमें भेजनी होंगी। श्री डेकाटे ने बताया कि बैठक में धरसीवां से बद्री प्रसाद वर्मा, अभनपुर से बीआर साहू, आरंग ने नीलमंणी चन्द्राकर, तिल्दा से सीके वर्मा, बलौदाबाजार से सुरेश दत्त ठाकुर, पलारी से ईश्वर साहू, कसडोल से आलोक मिश्रा, सिमगा से आशुतोष शर्मा, भाटापारा से शरद पंसारी, फिगेश्वर से रोमन साहू, देवभोग से दुर्गेश चन्द्र टाडिंल्य, छुरा से रेवेन्द्र दीक्षित और मैनपुर से यशवंत बघेल शामिल हुए। उन्होंने बताया कि जिला स्तर का आयोजन दो चरणो में होगा। पहला चरण बलौदाबाजार में ७ से ८ अक्टूबर को होगा जिसमें वालीबॉल, कबड्डी, खो-खो, हॉकी और तीरंदाजी होगी। इसमें १२०० खिलाड़ी शामिल होंगे। दूसरा चरण तिल्दा या रायपुर में होगा इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, सायक्लिंग, भारोत्तोलन और कुश्ती के मुकाबले १२ और १३ अक्टूबर को होंगे। ब्लाक स्तर के सभी आयोजन २५ सितंबर तक अनिवार्य रूप से कर लिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में