शुक्रवार, 3 जुलाई 2009

सप्रे मैदान के किनारे लगेगी टाइल्स


सप्रे स्कूल के मैदान को सुरक्षित करने के लिए मैदान के किनारे में टाइल्स लगाने का काम किया जाएगा। मैदान को नापकर बताने का जिम्मा शेरा क्रीड़ा समिति को दिया गया है। जैसे ही मैदान को नापने का काम पूरा होगा टाइल्स लगाने का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा, ऐसा नगर निगम के सभापति रतन डागा का कहना है। सप्रे मैदान में इससे पहले हाई मास्क लाइट लगाने का काम निगम ने किया है।


राजधानी के सप्रे स्कूल मैदान में फुटबॉल का सबसे पुराना मैदान है। इस मैदान में एक समय हरी-भरी घास थी, लेकिन आज मैदान बहुत ज्यादा खराब स्थिति में है। मैदान के खराब होने का सबसे बड़ा कारण यह है कि मैदान का उपयोग खेल के लिए कम और अन्य कार्यक्रमों के लिए ज्यादा होता है। निगम इस मैदान को फिर से हरा-भरा करना चाहता है। निगम ने मैदान में एक तरफ गैलरी भी बना दी। इसी के साथ निगम ने अब मैदान में हाई मास्क लाइट भी लगाई है। इस लाइट के लगने से दो फायदे हुए हैं। पहला सबसे बड़ा फायदा तो यह हुआ है कि अब मैदान में रात को असामाजिक तत्वों का आना बंद हो गया है। इसके पहले रात के अंधेरे में यहां पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता था और लोग रात को आराम से बैठकर यहां पर शराब पीते थे। लेकिन अब यह सब बंद हो गया है। दूसरा फायदा यह हुआ है कि खिलाड़ी अब रात को भी अभ्यास करने लगे हैं।

मैदान को सुरक्षित रखना पहली प्राथमिकता
नगर निगम के सभापति रतन डागा कहते हैं कि मैदान को सुरक्षित रखना पहली प्राथमिकता है। इसलिए मैदान में पहले हाई मास्क लाइट लगाई गई और अब मैदान के किनारे में टाइल्स लगाने की योजना है। उन्होंने कहा कि मैदान के किनारे टाइल्स लगाने से लोग मैदान के अंदर नहीं जाएंगे। अभी तो लोग मैदान के अंदर ही वाहन लेकर आ जाते हैं। उन्होंने बताया कि हाई मास्क लाइट लगने के कारण अब आस-पास के लोग सपरिवार रात को मैदान में घुमने भी आते हैं। ऐसे में मैदान के किनारे टाइल्स लगने से मैदान भी निखर जाएगा और लोगों को घुमने में भी आसानी होगी। उन्होंने पूछने पर बताया कि मैदान में टाइल्स लगाने का काम हम कल से प्रारंभ कर देंगे, मैदान हमें नापकर दे दिया जाए। मैदान को नापने का जिम्मा शेरा क्रीड़ा समिति को दिया गया है। उन्होंने कहा कि मैदान कितना बड़ा रहेगा यह तो मैदान के जानकार ही बता सकते हैं। ऐसे में शेरा क्रीड़ा समिति जैसे ही मैदान को नापकर देगी हम टाइल्स लगाने का काम प्रारंभ कर देंगे। उन्होंने बताया कि मैदान के किनारे में टाइल्स लगाने के बाद मैदान को सुरक्षित रखने के लिए सप्रे स्कूल के सामने के हिस्से की दीवार को भी ठीक किया जाएगा।

जल्द ही मैदान नापकर दे देंगे
शेरा क्रीड़ा समिति के संस्थापक मुश्ताक अली प्रधान ने पूछने पर कहा कि मैदान को नापने की तैयारी हो गई है और जल्द ही मैदान को नापकर निगम को सूचना दी जाएगी कि मैदान के किनारे में कितने फीट तक टाइल्स लगानी है। उन्होंने बताया कि मैदान में फुटबॉल का एक बड़ा मैदान और एक छोटा मैदान जो कि सेवन-ए-साइड के लायक होगा निकलेगा। दोनों मैदानों के किनारे करीब १५ से २० फीट की जगह बचेगी। उन्होंने बताया कि मैदान के किनारे टाइल्स लगने से मैदान सुरक्षित हो जाएगा और लोग मैदान के अंदर वाहन लेकर नहीं आ सकेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में