शुक्रवार, 17 जुलाई 2009

राजनांदगांव में ८ खेलों का साई का सेंटर बनेगा

भारतीय खेल प्राधिकरण यानी साई द्वारा राजनांदगांव में प्रारंभ किए जाने वाले साई के सबसे बड़े खेल परिसर में ८ खेलों का प्रशिक्षण केन्द्र खुलेगा। जिन खेलों का यहां पर प्रशिक्षण केन्द्र खोला जाएगा, उनको अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी के साथ इन खेलों के लिए खिलाडिय़ों की संख्या भी तय कर दी गई है। इसी के साथ रायपुर में स्पोट्र्स काम्पलेक्स में खोले जाने वाले सेंटर में ६ खेलों को रखा गया है। इन खेलों के बारे में प्रस्ताव बनाकर साई के भोपाल के क्षेत्रीय कार्यालय के केन्द्र सरकार को भेज दिए हैं।

यह जानकारी देते हुए प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक जीपी सिंह ने बताया कि पिछले दिनों केन्द्रीय खेल मंत्री एमएस गिल से प्रदेश की खेल मंत्री सुश्री लता उसेंडी से दिल्ली में जो चर्चा हुई थी, उसी के बाद भोपाल को जो पत्र केन्द्रीय खेल मंत्रालय से भेजा गया था, उसी पत्र के संदर्भ में चर्चा करने के लिए वे भोपाल के क्षेत्रीय कार्यालय गए थे। वहां पर श्री सिंह की क्षेत्रीय निदेशक आरके नायडु से लंबी चर्चा हुई है, उसी के बाद यह मालूम हुआ है कि राजनांदगांव के लिए साई ने ८ खेलों और रायपुर के लिए ६ खेलों के सेंटर के प्रस्ताव बनाकर केन्द्र को भेजे हैं।

राजनांदगांव में साई जो करीब ४० करोड़ की लागत से १५ एकड़ में खेल परिसर बना रहा है, उसी परिसर में ८ खेलों को शामिल किया गया है। इन ८ खेलों में ११५ बालक और इतने ही बालिका खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने के लिए चुना जाएगा। विभिन्न खेलों में खिलाडिय़ों की संख्या इस प्रकार रहेगी। तीरंदाजी में १२-१२, एथलेटिक्स में १०-१०, बास्केटबॉल में १२-१२, तलवारबाजी में १५-१५, हॉकी में १६-१६, कबड्डी में २४-२४, वालीबॉल में १६-१६, वुशू में १०-१० बालक-बालिका खिलाडिय़ों का चयन होगा। कुल मिलाकर २३० खिलाडिय़ों को प्राथमिक तौर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस सेंटर में हॉकी के दो मैदान बनाए जाएंगे। एक मैदान ग्रास वाला होगा, जबकि दूसरा एस्ट्रो टर्फ वाला होगा। इसी के साथ वालीबॉल, बास्केटबॉल के लिए इंडोर कोर्ट होंगे। एथटेटिक्स के लिए सिंडेर ट्रैक बनाया जाएगा। तीरंदाजी के लिए अलग से मैदान होगा। इन के अलावा एक मल्टी इंडोर हॉल भी बनेगा। खिलाडिय़ों के रहने के लिए जो हास्टल बनेगा उनमें ५० बालक और ५० बालिका खिलाडिय़ों को रखा जाएगा। इस सेंटर के बारे में पहले ही क्षेत्रीय निदेशक आरके नायडु बता चुके हैं कि इसका काम जल्द प्रारंभ किया जाएगा। सेंटर के उद्घाटन के लिए खेलमंत्री लता उसेंडी ने केन्द्रीय खेलमंत्री एमएस गिल को आमंत्रित भी किया है।

रायपुर में ६ खेलों का सेंटर

भोपाल में जहां राजनांदगांव के सेंटर को लेकर संचालक जीपी सिंह और क्षेत्रीय निदेशक आरके नायडू में चर्चा हुई, वहीं रायपुर के डे बोर्डिंग सेंटर को अंतिम रूप दिया गया और यहां के लिए ६ खेलों का प्रस्ताव बनाकर केन्द्र सरकार को भेजा गया। रायपुर में एथलेटिक्स के लिए १० बालक १० बालिकाएं, वालीबॉल के लिए १२ बालक १२ बालिकाएं, हॉकी के लिए भी १२-१२, हैंडबॉल में १२-१२, कबड्डी में १८ बालक, भारोत्तोलन में १० बालक और १० बालिकाओं का चयन करके इनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर यहां पर डे-बोर्डिंग सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। बाद में यहां पर भी हास्टल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। रायपुर के इस सेंटर के लिए अभी साई और रायपुर नगर निगम के बीच में एमओयू होना बचा है। इसके पूरा होते ही यहां के सेंटर का काम प्रारंभ हो जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में