रविवार, 19 जुलाई 2009

साई के सेंटर को निगम की मंजूरी

खेल विभाग की पहल पर रायपुर नगर निगम ने अंतत: स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में साई के ट्रेनिंग सेंटर को मंजूरी दे दी है। अब साई की टीम यहां पर सोमवार आएगी और निगम के अधिकारियों के साथ उनकी बैठक के बाद एमओयू को अंतिम रूप दिया जाएगा। एमओयू होते ही यहां पर साई सेंटर जल्द प्रारंभ कर देगा। इस सेंटर में छह खेलों का समावेश किया गया है।

निगम द्वारा साई सेंटर को अनुमोदित करने के बारे में जानकारी देते हुए खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि निगम ने इस सेंटर को अनुमोदित करने की जानकारी खेल विभाग को पत्र लिखकर शुक्रवार की शाम को दी है। इस पत्र के आते ही इस पत्र को साई के भोपाल के क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी इस बारे में क्षेत्रीय निदेशक आरके नायडु से बात भी हुई है और उन्होंने यहां पर सोमवार को साई के अधिकारियों को भेजने की बात कही है। अधिकारियों के आने के बाद उनकी निगम के अधिकारियों के साथ बैठक होगी और एमओयू को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया की जाएगी। एमओयू होते ही यहां पर साई का काम संभवत: अगले माह प्रारंभ हो जाएगा। साई ने इस सेंटर के लिए छह खेलों को शामिल करते हुए पहले ही केन्द्र सरकार को इसका प्रस्ताव भेज दिया है। इस सेंटर में ६ खेलों को शामिल किया गया है। सेंटर में एथलेटिक्स के लिए १० बालक १० बालिकाएं, वालीबॉल के लिए १२ बालक १२ बालिकाएं, हॉकी के लिए भी १२-१२, हैंडबॉल में १२-१२, कबड्डी में १८ बालक, भारोत्तोलन में १० बालक और १० बालिकाओं का चयन करके इनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर यहां पर डे-बोर्डिंग सेंटर प्रारंभ किया जाएगा। बाद में यहां पर भी हास्टल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में