शनिवार, 11 जुलाई 2009

जंप रोप पर फैसला १५ को

राज्य के स्कूली खेलों में जंप रोप को शामिल करने पर फैसला १५ जुलाई को होने वाली शिक्षा विभाग की बैठक में होगा। इस बैठक में शिक्षा मंत्री के सामने यह प्रस्ताव रखा जाएगा। उनकी अनुमति मिलने पर इसी सत्र में इस खेल को स्कूली खेलों में शामिल कर लिया जाएगा। वैसे यह खेल अन्य राज्यों में स्कूली खेलों में शामिल है और इसकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप का भी आयोजन होता है। इस खेल को राज्य के स्कूली खेलों में शामिल करने के लिए प्रदेश के संघ ने मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह के साथ शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से भी मांग की है।

राज्य के स्कूली खेलों में शामिल होने के लिए इस समय प्रदेश में दो खेल मुख्य रूप से कतार में हैं। पहला खेल जंप रोप और दूसरा स्केटिंग है। जंप रोप को स्कूली खेलों में शामिल करवाने के लिए तो इसके प्रदेश संघ के कमर कस ली है और इसके लिए संघ अपने खिलाडिय़ों के साथ मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह ने भी मिल चुका है। मुख्यमंत्री को जहां यह जानकारी दी गई है, कि यह खेल राष्ट्रीय स्कूली खेलों में शामिल हैं, वहीं उनको उन राज्यों के बारे में भी बताया गया है जिन राज्यों में यह खेल शामिल है। मुख्यमंत्री को प्रदेश के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही सफलता से भी अवगत करा दिया गया है। मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को भी संघ ने पूरी जानकारी देते हुए इस खेल को स्कूली अविलंब शामिल करने की मांग की है। संघ ने नियमानुसार शिक्षा विभाग के पास एक प्रस्ताव भी भेजा है।

शिक्षा विभाग के सहायक संचालक एसआर कर्ष ने बताया कि विभाग के पास जंप रोप संघ का प्रस्ताव आया है। उन्होंने बताया कि राज्य के खेलों की मेजबानी तय करने के लिए १५ जुलाई को शिक्षा मंत्री के साथ होने वाली बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री की सहमति बनते ही इसको स्कूली खेलों में शामिल कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर शिक्षा मंत्री की सहमति मिल गई कि इसी सत्र से यह खेल स्कूली खेलों में शामिल हो जाएगा। उन्होंने पूछने पर बताया कि स्केटिंग का चूंकि विभाग के पास अब तक कोई प्रस्ताव नहीं आया है ऐसे में इस खेल के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है हां अगर १५ जुलाई से पहले ऐसा कोई प्रस्ताव आ जाता है तो एक बार विचार किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में