मंगलवार, 30 मार्च 2010

होस्ट सिटी कांट्रेक्ट आज होगा

३७वें राष्ट्रीय खेलों के होस्ट सिटी कांट्रेक्ट पर कल ३० मार्च को दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में दोपहर एक बजे हस्ताक्षर होंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ खेल मंत्री लता उसेंडी, सहित कई मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। इस कांट्रेक्ट के बाद भारतीय ओलंपिक संघ को दो करोड़ का चेक भी दिया जाएगा। होस्ट सिटी कांट्रेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल चुकी है। इस कांट्रेक्ट पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ खेल मंत्री लता उसेंडी सहित कुल सात लोगों के हस्ताक्षर होंगे।
छत्तीसगढ़ सदन दिल्ली में आज दिन भर ३७वें राष्ट्रीय खेलों के लिए होस्ट सिटी कांट्रेक्ट की तैयारी चलती रही। इस तैयारी के बीच में सदन में प्रदेश के ज्यादातर मंत्री भी मौजूद रहे। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ सभी मंत्री और विधायक जिसमें कांग्रेस के भी विधायक शामिल हैं, हरिद्वार में कुंभ स्नान के लिए गए थे, वहां से सभी दिल्ली आ गए हैं। ऐसे में जबकि छत्तीसगढ़ को मिली राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अनुबंध दिल्ली में ३० मार्च को होना है तो इस अनुबंध के अवसर पर होने वाले समारोह में ज्यादातर मंत्री और विधायक भी शामिल होने रूक गए हैं। खेल के इस ऐतिहासिक मौके को कोई छोडऩा नहीं चाहता है।
सात लोगों के होंगे हस्ताक्षर
प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ से छत्तीसगढ़ को ३७वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने के बाद होस्ट सिटी कांट्रेक्ट का पत्र मिल गया था। छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप ही ३७वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी ली है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ से अनुबंध का एक प्रारूप प्रदेश सरकार को काफी पहले भेजा दिया था। इस प्रारूप को देखने के बाद सरकार ने इसको अंतिम रूप दे दिया है। इसी के साथ भारतीय ओलंपिक संघ के साथ होस्ट सिटी कांट्रेक्ट को कैबिनेट की बैठक में भी मंजूरी मिल गई है। श्री वर्मा ने बताया कि इस अनुबंध के लिए दिल्ली में एक समारोह का आयोजन कल किया गया है। इस समारोह में ही अनुबंध पर हस्ताक्षर होंगे। छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ खेल मंत्री लता उसेंडी, खेल सचिव हस्ताक्षर होंगे। इसी के साथ प्रदेश ओलंपिक संघ की तरफ से मेरे यानी अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा और महासचिव बशीर अहमद खान के भी हस्ताक्षर होंगे। भारतीय ओलंपिक संघ की तरफ से अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और महासचिव राजा रणधीर सिंह हस्ताक्षर करेंगे।
कांट्रेक्ट तैयार है
इधर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि प्रदेश को ओलंपिक संघ के मिले होस्ट सिटी कांट्रेक्ट को आज दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करके अंतिम रूप दे दिया गया है। अब यह कांट्रेक्ट पूरी तरह से तैयार है और इस पर कल हस्ताक्षर हो जाएंगे।
खेल मैदानों की देंगे जानकारी
छत्तीसगढ़ में मैदानों की क्या स्थिति है इसके बारे में जानकारी देने के लिए जहां कांट्रेक्ट में हस्ताक्षर से पहले एक प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं पावर पाइंट की भी प्रस्तुति होगी। खेल संचालक ने बताया कि खेल मैदानों की जानकारी देने वाली जो डाक्यूमेंट्री खेल विभाग ने बनाई है, उसे दिखाया जाएगा। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि छत्तीसगढ़ को मेजबानी दिलाने में इस डाक्यूमेंट्री का अहम हाथ रहा है, इस डाक्यूमेंट्री में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ, खेल मंत्री लता उसेंडी, भारतीय ओलंपिक संघ के आजीवन अध्यक्ष विद्याचरण शुक्ल सहित खेलों से जुड़े कई लोगों के विचार मेजबानी लेने के लिए हैं। इसी के साथ इसमें छत्तीसगढ़ के खेल मैदानों की पूरी जानकारी है।
श्री सिंह ने बताया कि इस डाक्यूमेंट्री के साथ जो पावर पाइंट प्रस्तुति होगी उसमें राष्ट्रीय खेलों के लिए क्या-क्या योजना बनाई गई है कितने मैदान कहां बनाए जाएंगे, खेल गांव से लेकर हर वह जानकारी प्रस्तुत की जाएगी जो छत्तीसगढ़ में होने वाले आयोजन को ऐतिहासिक बनाने वाली है। इसी के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति यहां की खासियत के बारे में भी बताया जाएगा।
अतिथि रखेंगे अपने विचार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशक खेल मंत्री लता उसेंडी के साथ भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी, महासचिव राजा रणधीर सिंह के साथ छत्तीसगढ़ शासन के कुछ और मंत्री राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी पर अपने विचार रखेंगे।

1 टिप्पणी:

Udan Tashtari ने कहा…

बढ़िया जानकारी दी!

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में