बुधवार, 8 सितंबर 2010

ग्रामीण खिलाडिय़ों पर पैसों की बारिश

प्रदेश के ग्रामीण खिलाडिय़ों पर भी अब विकासखंड स्तर की खेल स्पर्धाओं में पैसों की बारिश होने वाली है। इस स्तर पर पांच खेलों की स्पर्धाओं में ओवरआल चैंपियन बनने वाली टीम को २० हजार की राशि मिलेगी। उपविजेता टीम को १२ हजार और तीसरे स्थान की टीम को चार हजार की राशि दी जाएगी।
यह जानकारी मंगलवार को रायपुर जिले के १५ विकासखंडों के पायका केन्द्र के क्रीड़ाश्री और नोडल अधिकारियों को वरिष्ठ खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे ने बैठक में दी। उन्होंने बताया कि इस बार केन्द्र सरकार से स्पर्धाओं के आयोजन के लिए और नकद राशि पुरस्कार के लिए पैसे आ गए हैं। ये पैसे जिले के सभी १५ विकासखंड़ों को दिए जा रहे हैं। आयोजन के लिए ६५ हजार और इनाम के लिए ४५ हजार की राशि दी जा रही है। इस राशि में से ९ हजार की राशि स्पर्धाओं के आयोजन में तत्काल विजेता टीमों को दी जाएगी। विकासखंड स्तर पर वालीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और फुटबॉल की स्पर्धाएं होंगी। ये स्पर्धाएं विकासखंड स्तर पर सितंबर के अंतिम सप्ताह तक होनी है। इसके बाद जिला स्तर की स्पर्धाएं होंगी। इन स्पर्धाओं के साथ महिला खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। ऐसा करने से आयोजन में परेशानी नहीं होगी।
नहीं खेल पाएंगे शहरी खिलाड़ी
श्री डेकाटे ने बताया कि सभी नोडल अधिकारियों के साथ क्रीड़ाश्री को यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हाल में कहीं से शहरी खिलाड़ी पायका योजना के खेलों में न खेल पाए। इसके लिए इस बार स्कूलों के प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र भी अनिवार्य किए गए हैं। पहले खिलाड़ी गांव के सरपंच से लिखवाकर ले आते थे कि वे इस गांव में रहते हैं। श्री डेकाटे ने बताया कि खासकर धरसीवां. आरंग और अभनपुर के विकासखंडों से रायपुर के खिलाडिय़ों के खेलने की संभावना को देखते हुए यहां के नोडल अधिकारियों को बहुत ज्यादा सतर्क रहने कहा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में