शनिवार, 21 अगस्त 2010

खेल पुरस्कार पाने वालों के नाम तय

राज्य के खेल पुरस्कार पाने वालों के नाम शुक्रवार को मंत्रालय में पुरस्कार चयन समिति की मैराथन बैठक के बाद तय कर दिए गए। अभी नामों की घोषणा नहीं की गई है।
प्रदेश का खेल विभाग सीनियर खिलाडिय़ों को शहीद राजीव पांडे, जूनियर खिलाडिय़ों को शहीद कौशल यादव, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह, पदक न जीत पाने खिलाडिय़ों को शहीद पंकज विक्रम, ६० साल से ज्यादा उम्र के खिलाडिय़ों के लिए वीके चौबे खेल विभूति सम्मान दिया जाता है। इन सभी पुरस्कारों के लिए खेल विभाग में ७१ खिलाडिय़ों ने आवेदन किए थे। इन आवेदनों में से पात्र खिलाडिय़ों की चयन करके शुक्रवार को मंत्रालय में पुरस्कार चयन समिति के सामने रखा गया। यह चयन समिति खेलसचिव सुब्रत साहू की अध्यक्षता में बनी है। समिति में खेल संचालक जीपी सिंह के साथ विश्व कप हॉकी में खेल चुके विसेंट लकड़ा, खेल विभूति सम्मान प्राप्त एलएन पांडे, रविवि शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व संचालक एनके उपाध्याय, प्रदेश ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा, भारतीय खेल प्राधिकरण के राजनांदगांव सेंटर के राजेश्वर राव के साथ यूनीसेफ और नेहरू युवा केन्द्र के एक-एक प्रतिनिधि को रखा गया था। इस समिति के सामने पात्र खिलाडिय़ों की सूची रखी गई और मैराथन बैठक के बाद अंतत: खिलाडिय़ों के नाम तय कर दिए गए हैं। किन खिलाडिय़ों का चयन किन पुरस्कारों के लिए किया गया है अभी ये नाम घोषित नहीं किए गए हैं। तय नामों की सूची खेलमंत्री लता उसेंडी के सामने रखने के बाद उनका अनुमोदन लेकर सूची घोषित की जाएगी। बैटन रिले के आयोजन में लगे होने के बाद भी खेल विभाग ने इस बार खेलमंत्री लता उसेंडी के निर्देश पर खेल पुरस्कारों की सूची जल्द तय कर दी है। एक दो दिनों में नामों की घोषणा किए जाने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में