शुक्रवार, 6 अगस्त 2010

सीएम स्क्वैश संघ के अध्यक्ष

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अब छत्तीसगढ़ स्क्वैश संघ के भी अध्यक्ष बन गए हैं। प्रदेश संघ की बैठक में गुरुवार को नए अध्यक्ष का चुनाव किया गया। पुराने अध्यक्ष राकेश सिंह ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री को प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने के कारण वैसे भी किसी एक संघ का अध्यक्ष बनाना ही था।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को स्क्वैश संघ का अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा यहां पर स्क्वैश संघ की बैठक के बाद प्रदेश ओलंपिक संघ के आब्जर्वर गुरूचरण सिंह होरा ने की। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि संघ के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने पिछले माह १८ जुलाई को इस्तीफा देने के साथ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने संघ का अध्यक्ष बनने का आग्रह किया था। उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने २० जुलाई को ही अध्यक्ष बनने के लिए मंजूरी दे दी थी। इसके बाद संघ के नियमों के अनुसार १४ दिनों बाद संघ की सामान्य सभा की बैठक बुलाई गई जिसमें ओलंपिक संघ की तरफ से मुङो आब्जर्वर बनाया गया। इसी के साथ प्रदेश के खेल विभाग की तरफ से राज्य खेल अधिकारी विलियम्स लकड़ा को आब्जर्वर बनाया गया। दो आब्जर्वरों की उपस्थित में बैठक में सर्वसम्मनित से डॉ. रमन सिंह को अध्यक्ष चुना गया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि अध्यक्ष ने ही इस्तीफा दिया था इसलिए अध्यक्ष का ही चुनाव किया गया है बाकी कार्यकारिणी पुरानी ही रहेगी। संघ के महासचिव विष्णु श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय फेडरेशन को भी जानकारी दे दी गई है कि मुख्यमंत्री को संघ का अध्यक्ष बनाया गया है। वहां से भी इसके लिए मंजूरी मिल गई है।

1 टिप्पणी:

पट्ठा प्रिंस ने कहा…

शानदार जानकारी देने के लिये बधाई। अब हमको उम्मीद करनी चाहिये कि छत्तीसगढ़ में भी कई सारे जानशेर खान और जहांगीर खान पैदा होंगे जो देश का नाम ऊंचा करेंगे। मैं भुवनेश्वरी कुमारी और मीशा ग्रेवाल को तो भूल ही गया।

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में