मंगलवार, 10 नवंबर 2009

जंप रोप में रायपुर ओवरआल चैंपियन बनेगा

राज्य शालेय खेलों में पहली बार शामिल जंप रोप में रायपुर की टीम के ओवरआल चैंपियन बनने की पूरी संभावना है। रायपुर जोन की टीम में ज्यादातर खिलाड़ी ऐसे हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते रहे हैं। इन खिलाडिय़ों के दम पर रायपुर के खाते में ही सबसे ज्यादा पदक आने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य शालेय खेलों का आगाज १० नवंबर से तिल्दा में हो रहा है। यहां होने वाले ८ खेलों में एक नया खेल जंप रोप भी शामिल है। इस खेल को राज्य शालेय खेलों में शामिल करवाने के लिए प्रदेश जंप रोप संघ ने काफी मेहनत की तब जाकर इस खेल को शामिल किया गया। संघ ने इस खेल को राज्य शालेय खेलों में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह के साथ शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से भी मांग की थी। इनको बताया गया था कि राष्ट्रीय स्तर पर इस खेल में छत्तीसगढ़ के पास ५० से ज्यादा पदक हैं। इनकी पहल पर ही शिक्षा विभाग ने पहली बार राज्य शालेय खेलों में इस खेल को शामिल किया है। अब जबकि इस खेल की पहली चैंपियनशिप हो रही है तो इस चैंपियनशिप में रायपुर जोन को ही सबसे ज्यादा पदक मिलने के साथ ओवरआल चैंपियनशिप मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस खेल से जुड़े एमजीएम स्कूल के खेल शिक्षक अखिलेश दुबे बताते हैं कि रायपुर जोन की टीम में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले हैं। उन्होंने पूछने पर बताया कि अंडर १९ टीम में १४ खिलाड़ी रायपुर के ही हैं। इसी के साथ अंडर १७ और अंडर १४ की टीमों में रायपुर के साथ बलौदाबाजार और आरंग के भी खिलाड़ी हैं। रायपुर जोन की टीम में एमजीएम के साथ सेंट जेवियर, सेंट थामस, सेंट जोसेफ, बालाजी विद्या मंदिर और रेयान स्कूल के खिलाड़ी हैं।

राज्य चैंपियनशिप में रायपुर जोन के साथ सरगुजा, बस्तर, दुर्ग और राजनांदगांव जोन की टीमों के आने की संभावना है। इन सभी जोनों में रायपुर जोन की टीम ही सबसे तगड़ी है। राज्य स्पर्धा के बाद राष्ट्रीय स्पर्धा में छत्तीसगढ़ की टीम पदकों की बारिश करेगी इसकी भी संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में