मंगलवार, 17 नवंबर 2009

सीएम ओलंपिक संघ के अध्यक्ष !

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सामने आज अचानक प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव रखा गया जिसे मुख्यमंत्री ने एक तरह से स्वीकार कर लिया है और ऐसा माना जा रहा है कि बहुत जल्द ही उनको ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बना दिया जाएगा ताकि छत्तीसगढ़ में २०१३ में होने वाले राष्ट्रीय खेल उनकी अगुवाई में हो। इसके पहले कल ही श्रीमती वीणा सिंह को वालीबॉल संघ का अध्यक्ष बनाने के साथ ओलंपिक संघ का भी अध्यक्ष बनाए जाने की बात खेल संघों से जुड़े लोग कर रहे हैं। खेल बिरादरी का ऐसा मानना है कि ओलंपिक संघ की बागडोर मुख्यमंत्री के हाथों में ही होनी चाहिए ताकि प्रदेश में खेलों का तेजी से विकास हो सके।

उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को प्रमाणपत्र बांट कर जैसे ही मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह आज वापस जा रहे थे तो उनके सामने प्रदेश लॉन टेनिस संघ के अध्यक्ष और ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरचरण सिंह होरा के साथ वालीबॉल संघ के अध्यक्ष गजराज पगारिया ने ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव रखा और उनसे कहा कि सभी खेल संघ चाहते हैं कि आपके प्रयासों से जब छत्तीसगढ़ २०१३ के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी ले रहा है तो ये खेल आपकी अगुवाई में ही हों। श्री सिंह ने इस प्रस्ताव पर हंसते हुए डन की मुद्रा में सहमति जता दी है।

मुख्यमंत्री की सहमति के बाद अब उनको ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनाए जाने की रणनीति तय करने का प्रयास होगा। इस बारे में गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे लॉन टेनिस संघ के अध्यक्ष का पद भी मुख्यमंत्री के लिए छोड़ देंगे। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि मुख्यमंत्री को ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनाए जाने के लिए यह जरूरी होगा कि वे किसी राज्य खेल संघ के अध्यक्ष हों। ऐसे में श्री होरा टेनिस संघ के अध्यक्ष का पद छोडऩे के लिए भी तैयार है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के अध्यक्ष बनने से खेलों का बहुत भला होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में