शनिवार, 21 नवंबर 2009

बैटन रिले की कार्यशाला में शामिल होंगे खेल संचालक

दिल्ली में २४ नवंबर को दिया जाएगा प्रशिक्षण

दिल्ली में २०१० में होने वाले कामनवेल्थ खेलों की मशाल यानी बैटन रिले के लिए दिल्ली में सभी राज्यों के खेल विभाग के अधिकारियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए प्रदेश के खेल संचालक जीपी सिंह जाएंगे। वहां पर २४ नवंबर को एक दिन की कार्यशाला होगी।

यह जानकारी देते हुए खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि कामनवेल्थ बैटर रिले के सभी राज्यों में पहुंचने से पहले सभी राज्यों के खेल विभाग के एक प्रतिनिधि को दिल्ली में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की यह कार्यशाला वहां पर २४ नवंबर के अशोका होटल में सुबह १० बजे से प्रारंभ होगी जो शाम को ६ बजे चलेगी। इस कार्यशाला में शामिल होने वाले सभी राज्यों के प्रतिनिधियों को वहां पर जानकारी देनी होगी कि उनके राज्य में बैटन रिले के आने की क्या तैयारी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बैटन के साथ आने वाले दल के रूकने की क्या व्यवस्था की गई है, बैटन रिले का संभावित मार्ग क्या होगा इन सब की जानकारी देनी होगी।

खेल संचालक ने बताया कि वे यहां से सारी जानकारी एकत्रित करके २३ नवंबर को दिल्ली जाएंगे। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ९ अगस्त को बैटर का आगमन होगा। यह मशाल प्रदेश में चार दिनों तक रहेगी। बैटन छत्तीसगढ़ में संबलपुर से दोपहर को एक बजे रायपुर आएगी। रायपुर में बैटन ९ अगस्त को रहने के बाद १० अगस्त को राजधानी में इसकी एक विशाल रैली निकाली जाएगी और यह रैली पूरी राजधानी का भ्रमण करेगी। रैली के लिए विभाग अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों की भी मदद लेगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने का काम प्रारंभ हो गया है। ११ अगस्त को यह बैटन रायपुर से २ बजे जगदलपुर के लिए रवाना होगी। वहां पहुंचने के बाद अगले दिन शहर भ्रमण के बाद यह बैटन भोपालपट्नम के लिए रवाना होगी। बैटन का अंतिम पड़ाव दिल्ली होगा। दिल्ली में बैटन का प्रवेश कुरूक्षेत्र से ३० सितंबर को हो जाएगा। इसके बाद बैटन दिल्ली का भ्रमण करेगी। दिल्ली में नार्थ, ईस्ट, और सेंटर में भ्रमण के बाद यह बैटन ३ अक्टूबर को उस स्टेडियम में जाएगी जहां कामनवेल्थ खेलों का प्रारंभ होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में