गुरुवार, 22 जुलाई 2010

कौन होगा मुख्यमंत्री का सचिव

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ में अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपने साथ सचिव के रूप में किसे रखेंगे इसको लेकर खेल बिरादरी में अटकलबाजियों का दौर चल रहा है। सचिव की दौड़ में कई प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ओलंपिक संघ के कुछ पदाधिकारियों के नाम भी लिए जा रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री की नजरें इनायत किस पर होती हैं, यह तो बाद में मालूम होगा।
प्रदेश ओलंपिक संघ की गुरुवार को सुबह ११ बजे ग्रांट इंटरनेशनल में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी की जाएगी। इस ताजपोशी के साथ यह बात तय है कि मुख्यमंत्री के हाथों में ही नई कार्यकारिणी के गठन का भी जिम्मा होगा क्योंकि पुरानी कार्यकारिणी से इस्तीफा लिया जाएगा। इसके बाद अध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा के साथ सचिव बशीर अहमद खान की विदाई हो जाएगी। ऐसे में आज दिन भर प्रदेश की खेल बिरादरी में इस बात को लेकर चर्चा रही है कि मुख्यमंत्री आखिर सचिव की जिम्मेदारी किसे सौंपेगे। एक तरफ जहां यह माना जा रहा है कि सचिव की दौड़ में कई खेल संघों से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की पसंद के किसी भी प्रशासनिक अधिकारी को यह जिम्मेदारी मुख्यमंत्री सौंप सकते हैं। दूसरी तरफ यह भी माना जा रहा है कि प्रदेश ओलंपिक संघ की वर्तमान कार्यकारिणी से जुड़े तीन उपाध्यक्ष भी सचिव बनने की दौड़ में शामिल हैं। खेलों से जुड़े कई पदाधिकारी इस बात से भी इंकार नहीं कर रहे हैं कि बशीर अहमद खान को भी वापस सचिव बनाया जा सकता है। इसके पीछे कारण यह है कि उनके पास अनुभव बहुत ज्यादा है और छत्तीसगढ़ में होने वाले ३७वें राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए खेल के जानकार अनुभवी सचिव की जरूरत होगी। सचिव कौन बनेगा यह तो अभी रहस्य ही है, लेकिन इतना तय है कि मुख्यमंत्री जिसे सबसे ज्यादा पसंद करेंगे उन्हीं को यह जिम्मा दिया जाएगा।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगे
सुबह बैठक में एक मत से मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित करने के तुरंत बाद ओलंपिक संघ के पदादिकारियों के साथ सभी खेल संघों के अध्यक्ष और सचिव मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मिलने के लिए उनके निवास स्थान पर जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में