मंगलवार, 6 जुलाई 2010

राष्ट्रीय खेल सचिवालय के मुख्यमंत्री अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले ३७वें राष्ट्रीय खेलों की नींव आज तैयार हो गई। राष्ट्रीय खेलों के लिए सबसे अहम राष्ट्रीय खेल सचिवालय का आज पंजीयन हो गया। इसके अध्यक्ष मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह होंगे।
छत्तीसगढ़ को २०१३-१४ के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिली है। इसके लिए सबसे पहली तैयारी के रूप में राष्ट्रीय खेल सचिवालय के पंजीयन की प्रक्रिया मेजबानी लेने के समय से ही चल रही थी। आज इसको सफलता मिल गई है। खेल सचिव सुब्रत साहू ने बताया कि खेल सचिवालय का पंजीयन हो गया है। इसके अध्यक्ष जहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह होंगे, वहीं सचिव खेल सचिव सुब्रत साहू होंगे। खेल मंत्री लता उसेंडी उपाध्यक्ष होंगी। मुख्य सचिव पी. जॉय ओमेने कार्यकारिणी के अध्यक्ष होंगे। इस सचिवालय में कुछ मंंत्रियों के साथ कई विभागों के सचिवों को भी शामिल किया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ के साथ प्रदेश ओलंपिक संघ के भी प्रतिनिधि भी इसमें शामिल किए गए हैं। इसके विस्तार का काम बाद में होगा।
इस सचिवालय के बन जाने से अब राष्ट्रीय खेलों की तैयारी में रफ्तार आएगी। इस सचिवालय की समिति के पास ही राष्ट्रीय खेलों के लिए खेल गांव के निर्माण से लेकर हर निर्णय करने का अधिकार रहेगा। इस सचिवालय का कार्यालय फिलहाल खेल भवन खेल संचालनालय में होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में