सोमवार, 26 अक्तूबर 2009

देश भर के तीरंदाज जुटेंगे राजधानी में

देश भर के सब जूनियर तीरंदाज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राज्योत्सव के दिन यानी एक नवंबर से जुटेंगे और यहां पर निशाने लगाकर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाने का प्रयास करेंगे। खिलाडिय़ों को तराशने वाले पूर्व ओलंपियन लिम्बाराम सहित और कई जाने-माने प्रशिक्षक भी यहां आएंगे। मुकाबले बूढ़ापारा के स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में होंगे। इस कॉम्पलेक्स का आज सांसद और प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष रमेश बैस ने निरीक्षण भी किया।

प्रदेश तीरंदाजी संघ राजधानी में राष्ट्रीय सब जूनियर चैंपियनशिप का आयोजन करने जा रहा है। इस चैंपियनशिप को भी पहले की तरह यादगर बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। इसके पूर्व यहां पर २००६-०७ में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन सांइस कॉलेज के मैदान में किया गया था। तब भी यहां पर पूर्व ओलंपियन लिम्बाराम आए थे। इस बार जहां लिम्बाराम फिर से आ रहे हैं, वहीं भारतीय टीम को संवारने वाले कोरियन कोच ली वांग भी आ रहे हैं। इसी के साथ मित्तल की तीरंदाजी अकादमी के कोच सुमेशचन्द्र राय भी आ रहे हैं। इन अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों से भी छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।

प्रदेश संघ के महासचिव कैलाश मुरारका ने बताया कि प्रदेश के अध्यक्ष रमेश बैस के साथ स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स के मैदान के आउटडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया गया है। यह स्टेडियम मुकाबलों के लिए तो ठीक है, पर यहां पर खिलाडिय़ों के रहने की व्यवस्था नहीं की जा सकती है। उन्होंने पूछने पर बताया कि चैंपियनशिप में करीब २५ राज्यों के ६०० से ज्यादा खिलाड़ी और १०० से ज्यादा तकनीकी अधिकारी भी आएंगे। राष्ट्रीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सांसद विजय मल्होत्रा को भी आमंत्रित किया गया है। मुकाबले एक से ५ नवंबर तक होंगे।

1 टिप्पणी:

Udan Tashtari ने कहा…

आभार जानकारी का.

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में