शुक्रवार, 21 मई 2010

बैटन रिले में ६०० धावकों का कोटा मांगा

प्रदेश की राजधानी रायपुर के साथ दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव में होने वाली बैटन रिले के किए प्रदेश के खेल विभाग ने ६०० धावकों का कोटा मांगा है। छत्तीसगढ़ के लिए कामनवेल्थ की आयोजन समिति ने १५० धावकों का ही कोटा तय किया है। यह कोटा तो राजधानी में ही कम पड़ जाएगा। राजधानी में अब तक १६० से ज्यादा धवकों की सूची तैयार हो गई है। इस सूची में वीआईपी के नाम अभी नहीं जुड़े हैं।
दिल्ली में अक्टूबर में होने वाले कामनवेल्थ खेलों की मशाल पूरे देश में भ्रमण करने के लिए निकली है। इस मशाल यानी बैटन का आगमन छत्तीसगढ़ की धरा पर ८ अगस्त को होगा। छत्तीसगढ़ में बैटन रिले का आयोजन ९ अगस्त को रायपुर में और १० अगस्त को दुर्ग-भिलाई के साथ राजनांदगांव में किया गया है। इसके लिए कामनवेल्थ की आयोजन समिति ने महज १५० धावकों का कोटा तय किया है। इस कोटे में ६०-६० रायपुर और दुर्ग-भिलाई के खाते में और ३० राजनांदगांव के खाते में हैं। ऐसे में जबकि यह कोटा बहुत कम लग रहा है तो इस कोटे को बढ़ाने की मांग करते हुए प्रदेश के खेल विभाग ने यह कोटा कम से कम ६०० करने की मांग की है। इस बारे में खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि राजधानी रायपुर में होने वाली बैटन रिले में ही धावकों की संख्या ३०० के आस-पास हो जाएगी।
राजधानी में होने वाली रिले में जहां राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों को शामिल किया गया है, वहीं और कई वीआईपी के शामिल होने की संभावना है। अभी प्रारंभिक तौर पर राजधानी के खेल विभाग ने धावकों की जो सूची तैयार की है, उस सूची में राज्य के शहीद राजीव पांडे, शहीद कौशल यादव, हनुमान सिंह पुरस्कार के साथ खेल विभूति, पंकज विक्रम, गुंडाधूर पुरस्कार के अलावा मप्र के समय मिले विक्रम पुरस्कार वाले खिलाड़ी शामिल हैं। इसी के साथ मान्यता प्राप्त १५ खेल संघों के साथ कुछ और खेल संघों के पदाधिकारी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इनकी सूची ही १६० के पार पहुंच गई है। इस सूची में अभी वीआईपी के साथ अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सूची शामिल नहीं है। एक अनुमान के मुताबिक राजाधानी की सूची ३०० के आस-पास पहुंच जाएगी। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए खेल विभाग ने कोटा बढ़ाने की मांग की है।
श्री सिंह ने बताया कि कोटा बढाऩे की मांग इसलिए करनी पड़ी है क्योंकि बैटन रिले के लिए टी-शर्ट दिल्ली से आएगी बैटन धावक के लिए इस टी-शर्ट को पहनाना अनिवार्य बताया गया है।

1 टिप्पणी:

Udan Tashtari ने कहा…

आभार जानकारी का!

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में