रविवार, 9 मई 2010

राष्ट्रीय खेलों पर आज होगी खेल संघों से चर्चा

छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले ३७वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी को लेकर प्रदेश की खेलमंत्री लता उसेंडी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त खेल संघों के पदाधिकारियों की एक बैठक कल यहां पर नए विश्राम गृह में सुबह को ११ बजे होगी। बैठक में कामनवेल्थ की बैटन रिले पर भी चर्चा की जाएगी।
३७वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिली है। इन खेलों को समय पर करवाने की बात प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दिल्ली में होस्ट सिटी कांट्रेक्ट के समय कही थी। इसी के साथ प्रदेश का खेल विभाग इन खेलों की तैयारी में अभी से जुट गया है। खेल विभाग ने खेल संघों से चर्चा करने के लिए एक बैठक का आयोजन ९ मई को किया है। इस बैठक में खेलमंत्री लता उसेंडी उपस्थित रहेंगी। बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी की राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए क्या करना है। बैठक में असम के पूर्व खेल सचिव प्रदीप कुमार हजारिका द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा होगी। उनको यहां पर प्रदेश ओलंपिक संघ के साथ खेल विभाग की पहल पर बुलाया गया था। उन्होंने यहां के मैदानों का अवलोकन करने के बाद खेल विभाग को अपने सुझाव दिए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को अभी से तैयारी करने की भी सलाह दी है ताकि छत्तीसगढ़ को पदक तालिका में अहम स्थान मिल सके। छत्तीसगढ़ को ज्यादा से ज्यादा खेलों में पदक मिल सके इस पर भी बैठक में चर्चा होगी। खेल संघों के पदाधिकारी खेल विभाग को सुझाव देंगे कि कैसे उनके खेलों में पदक मिल सकते हैं। खेल संघों को पदक जीतने के लिए किन-किन साधनों की दरकार है, यह भी खेल मंत्री के सामने रखा जाएगा। इसी के साथ कहां-कहां कौन-कौन से खेल हो सकते हैं इस पर भी चर्चा की जाएगी।
बैटन रिले पर भी होगी चर्चा
कामनवेल्थ की बैटन छत्तीसगढ़ में ९ अगस्त को आएगी। इस बैटन रिले को लेकर खेल विभाग खेल संघों के साथ मिलकर तैयारी कर रहा है। इस तैयारी को लेकर कई खेल संघों ने शिकायत की है कि उनके खेलों के साथ उनके खिलाडिय़ों को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में सभी खेल संघों से उनकी शिकायतों के साथ सुझाव भी लिए जाएंगे। जिन राष्ट्रीय अंतररराष्ट्रीय खिलाडिय़ों के नाम छूट गए हैं उनके नामों को जोड़ा जाएगा।

1 टिप्पणी:

Unknown ने कहा…

अच्छी बात है

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में