रविवार, 21 फ़रवरी 2010

छत्तीसगढ़ खेलों में होगा अव्वल:शेखर दत्त


राज्यपाल शेखर दत्त ने कहा कि छत्तीसगढ़ जिस तरह से अर्थव्यवस्था में आगे है, वैसे ही खेलों में भी आगे होगा। यह राज्य के लिए गौरव की बात है कि देश के राष्ट्रीय खेल हॉकी में छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ी सबा अंजुम और मृणाल चौबे भारतीय टीम से खेलते हैं। अन्य खेलों में यहां के खिलाड़ी प्रदेश के साथ देश का नाम रौशन कर रहे हैं।

राज्यपाल ने ये बातें यहां पर नेताजी स्टेडियम में हरिभूमि द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री एकादश और विधानसभा अध्यक्ष एकादश के बीच खेले गए हॉकी के प्रदर्शन मैच के बाद कहीं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो मत नहीं है कि छत्तीसगढ़ अर्थव्यवस्था के मामले में काफी आगे है। मेरे को जो जानकारी है उसके मुताबिक भारतीय हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ के मृणाल चौबे के साथ सबा अंजुम खेल रही हैं। अन्य खेलों में भी यहां के खिलाड़ी भारतीय टीम से खेल रहे हैं। ऐसे में यह बात तय है कि छत्तीसगढ़ खेलों में भी अव्वल होगा।


उन्होंने कहा कि उनको यहां पर हॉकी का मैच देखने का मौका मिला यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वे भारतीय टीम के कोच एमके कौशिक को बरसों से जानते हैं। वे ओलंपिक में खेले हैं और कई सालों से भारतीय महिला हॉकी टीम को निखारने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी महिला टीम ने कामनवेल्थ के साथ एशियाई खेलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

रायपुर के दर्शकों की तारीफ करे हुए राज्यपाल ने कहा कि यह सुखद है कि यहां पर इतने ज्यादा दर्शक आए और उन्होंने खिलाडिय़ों के खेल की तारीफ की। बकौल राज्यपाल किसी भी खेल में खिलाडिय़ों को मिलने वाली दाद उनके खेल को निखारने का काम करती है। दाद मिले बिना खिलाड़ी प्रोत्साहित नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी जब किसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीतते हैं तो उनके लिए राष्ट्रगान बजाया जाता है। कामनवेल्थ में जब खिलाडिय़ों के पदक जीतने पर राष्ट्रगान बज रहा था तो वहां पर उपस्थित भारतीय दर्शक अपने देश के तिरंगे को निहार रहे थे। यह बड़े गर्व की बात होती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में