शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2010

भारतीय महिला हॉकी टीम का मैच कल राजधानी में

देश के राष्ट्रीय खेल हॉकी को जन सामान्य से जोडऩे के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय महिला टीम की खिलाडिय़ों के एक मैत्री मैच का आयोजन किया गया है। इसी के साथ खिलाडिय़ों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जाने-माने उद्योगपति वीरसेन सिंधु की तरफ से भारतीय हॉकी टीम को १० लाख की सम्मान राशि दी जा रही है। नेताजी स्टेडियम में २० फरवरी को दोपहर ३.३० बजे मुख्यमंत्री एकादश और विधानसभा अध्यक्ष एकादश के बीच होने वाले मैच में खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित, विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक प्रदेश के कई मंत्री, नेता और अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मैच के आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ महिला हॉकी, एथलेटिक क्लब के साथ प्रदेश के खेल संघों की मदद ली जा रही है।
यह जानकारी देते हुए हरिभूमि के प्रबंध संपादक हिमांशु द्विवेदी, खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि देश में राष्ट्रीय खेल हॉकी की खराब स्थिति को देखते हुए ऐसा महसूस हो रहा है कि हॉकी के स्वर्णिम दिनों को वापस लाने के लिए हॉकी को जन सामान्य से जोडऩे की पहल जरूरी है। ऐसे में जबकि अपने देश के हॉकी खिलाड़ी आर्थिक स्थिति से भी जुङा रहे हैं तो देश के जाने-माने उद्योगपति वीरसेन सिंधु ने एक पहल करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम की मदद करने के साथ छत्तीसगढ़ में एक मैत्री मैच का आयोजन करने की पहल की है,ताकि हॉकी को जन सामान्य से जोड़ा जा सके। इसी पहल के तहत २० फरवरी को नेताजी स्टेडियम में मुख्यमंत्री एकादश और विधानसभा अध्यक्ष एकादश के बीच एक मैच दोपहर ३.३० बजे आयोजित किया गया है। इस मैत्री मैच के लिए भारतीय टीम की २२ खिलाडिय़ों के साथ छत्तीसगढ़ की १० खिलाडिय़ों को शामिल करके १६-१६ खिलाडिय़ों की दो टीमें बनाई जाएंगी। मैच के बाद भारतीय टीम को १० लाख की सम्मान राशि दी जाएगी। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह होंगे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक करेंगे। विशेष अतिथि नेता प्रतिपक्ष रवीन्द्र चौबे, खेल मंत्री लता उसेंडी एवं महापौर किरणमयी नायक होंगी। इसी से साथ मैच देखने और खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने प्रदेश के कई मंत्री, अधिकारी और खेल संघों जुड़े पदाधिकारी भारी संख्या में उपस्थि रहेंगे।
खेल संचालक जीपी सिंह ने बताया कि यह पहला मौका है जब छत्तीसगढ़ की जमीं पर भारतीय हॉकी टीम के सभी सितारे आ रहे हैं। इन सितारों को लेकर यहां जो मैच का आयोजन किया जा रहा है, उस ऐतिहासिक आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ अखिल भारतीय स्वर्ण कप नेहरू हॉकी का आयोजन करने वाले एथलेटिक क्लब, छत्तीसगढ़ महिला हॉकी संघ सहित प्रदेश के सभी खेल संघों के साथ राजधानी की अन्य समाज सेवी संस्थाओं की भी मदद ली जा रही है।
मुख्यमंत्री एकादश:-सबा अंजुम (कप्तान), योगिता बाली, सुभद्रा प्रधान, जोयदीप कौर, दीपिका ठाकुर, टीएच रंजीता, ममता खरब,रानी देवी, रौशलीन डुंगडुंग, अनुराधा, जसजीत कौर (भारतीय टीम की खिलाड़ी) पूजा सिंह, वर्षा, सेवंती, माया, प्रियंका (छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी)।
विधानसभा अध्यक्ष एकादश की टीम: सुरिन्द्रर कौर, (कप्तान), दीपिका मूर्ति, बिनीता टोपो, इती श्रीवास्तव, मुक्ता बारला, किरणदीप कौर, रितु रानी, सुनीता लकड़ा, चानचन देवी, मोनिका बारला, पूनम रानी (भारतीय टीम की खिलाड़ी), रेणुका राजपूत, सुषमा, शोभा वेर्टी, योगिता, लावेन (सभी छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी)।
भारतीय टीम के साथ राष्ट्रीय कोच एमके कौशिक, वासु थपलियाल (कोच) एवं विशाल धवन (फिजियोथेरपिस्ट) भी आएंगे।

1 टिप्पणी:

Udan Tashtari ने कहा…

आभार इस खबर का.

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में