रविवार, 21 फ़रवरी 2010

खिलाडिय़ों का बाजे-गाजे से साथ जोशीला स्वागत



अमरकंटक एक्सप्रेस जैसे ही राजधानी रायपुर के प्लेटफार्म नंबर एक पर आती नजर आई, ढोल बचने लगे। इसके बाद जैसे ही भारतीय हॉकी टीम की सितारा खिलाडिय़ों के कदम प्लेटफार्म पर पड़े उन पर फूलों की वर्षा होने लगी। खिलाडिय़ों को ढोल-बाजे के के साथ स्टेशन के बाहर लाया गया और यहां पर प्रारंभ हुआ उनके स्वागत का सिलसिला। खिलाडिय़ों के स्वागत के लिए हरिभूमि परिवार के मुखिया प्रबंध संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के साथ हरिभूमि परिवार से सदस्य, खेल संचालक जीपी सिंह, खेल विभाग विभाग के अधिकारी, प्रदेश महिला हॉकी संघ , एथटेलिक क्लब के साथ कई खेल संघों के पदाधिकारी आए थे।


स्टेशन के बाहर खिलाडिय़ों का सबसे पहले तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए डॉ। हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि यहां पर आप सभी भारतीय टीम के सितारों को बुलाने का मकसद महज एक मैच करवाना और सम्मान राशि देना नहीं है। हमारी ऐसी सोच रही है कि आप लोग जो कि देश की शान हैं और देश के राष्ट्रीय खेल हॉकी की कमान संभालकर रखी है तो आप लोगों को इस बात का कभी मलाल न हो कि आप लोगों ने आखिर हॉकी स्टिक क्यों थामी। हम लोगों का ऐसा प्रयास रहेगा कि आप लोग दो दिन के छत्तीसगढ़ प्रवास में ऐसी सुखद यादें लेकर लौंटे कि आप को हॉकी स्टिक थामने पर गर्व महसूस हो और आप लोग हॉकी जगत में देश का नाम और ऊंचा करें।


खेल संचालक जीपी सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह एक अच्छी बात है कि हरिभूमि ने देश के राष्ट्रीय खेल को एक नया जीवन देने के लिए पहल करते हुए आप लोगों को यहां आमंत्रित किया है। आप लोगों से मिलने और आपका खेल देखने के लिए प्रदेश के राज्यपाल शेखर दत्त के साथ मुख्यमंत्री डॉ। रमन सिंह के साथ सभी बेताब हैं। उन्होंने कहा कि आप देखेंगी कि आपका जब यहां पर मैच होगा तो उस मैच को देखने के लिए कितने लोग आएंगे।


उद्बोधन के बाद खिलाडिय़ों को गुलाब देकर डॉ. हिमांशु के साथ जीपी सिंह और खेल संघों के लोगों ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीता डुमरे, हॉकी संघ के नोमान अकरम, हॉकी खिलाड़ी रश्मि तिर्की, मोनिका, दीपिका वैरागढ़े, खेल विभाग के उपसंचालक ओपी शर्मा, राज्य खेल अधिकारी अजीत कुमार टोपो, वरिष्ठ खेल अधिकारी राजेन्द्र डेकाटे, एनआईएस कोच गजेन्द्र पांडे, सरिता कुजूर, सुधा कुमार, संजय पाल, मुकेश यादव, रश्मि सुबा, वालीबॉल संघ के मो. अकरम खान, सतेन्द्र पांडे, रवीन्द्र कुमार, नेटबॉल संघ के संजय शर्मा, कैरम संघ के विजय कुमार, रवि सोनी, जंप रोप संघ के अखिलेश दुबे, एथलेटिक क्लब के मंसूर अहमद, हफीज यजदानी, परवेज शकीलुद्दीन निराला, हरिभूमि परिवार से प्रशांत तिवारी, संजय बनवासी, अंनत राम साहू, राजकुमार सोनी, राजकुमार ग्वालानी, वरूण झा, तिलकेश्वरी पठारे, दिनेश कुमार उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

हिन्दी में लिखें

खेलगढ़ Headline Animator

खेलगढ़ की चर्चा हिन्दुस्तान में